दिल्ली चुनाव: भाजपा का ‘पूर्वांचल प्लान’, हर सीट पर यूपी-बिहार के नेताओं की तैनाती
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (30 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने न केवल धुआंधार प्रचार अभियान शुरू किया है, बल्कि सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए भी पूरी ताकत झोंक दी है। खासकर, पूर्वांचल के मतदाताओं को साधने के लिए पार्टी ने एक नई रणनीति अपनाई है। भाजपा नेतृत्व ने हर विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश और बिहार के नेताओं की तैनाती कर दी है, ताकि पूर्वांचल के मतदाताओं तक सीधा संपर्क बनाया जा सके।
पूर्वांचल वोट बैंक पर भाजपा की नजर
दिल्ली की जनसंख्या में बड़ी संख्या पूर्वांचल यानी उत्तर प्रदेश और बिहार से आए प्रवासियों की है, जो चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं। भाजपा की एक बड़ी चिंता यह भी रही कि टिकट वितरण में पूर्वांचल के उम्मीदवारों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला, जिससे यह मतदाता वर्ग नाराज हो सकता था। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने बिहार की अपनी दो सहयोगी पार्टियों, जदयू और लोजपा (रामविलास), को एक-एक सीट देकर संतुलन साधने की कोशिश की है।
हर सीट पर यूपी-बिहार के नेताओं की तैनाती
भाजपा ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख नेताओं की जिम्मेदारी तय कर दी है। इनमें विधायक, मंत्री, पूर्व मंत्री और एमएलसी जैसे बड़े नेता शामिल हैं। इन नेताओं का मुख्य काम क्षेत्र में मौजूद पूर्वांचली मतदाताओं से संवाद करना और भाजपा के प्रति समर्थन बढ़ाना है।

कार्यकर्ताओं की निगरानी और चुनावी प्रबंधन
भाजपा नेतृत्व इन तैनात नेताओं के माध्यम से जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर भी नजर रख रहा है। इन नेताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे न केवल मतदाताओं तक पार्टी की रणनीति पहुंचाएं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशैली पर भी रिपोर्ट दें। किस क्षेत्र में कौन-कौन कार्यकर्ता सक्रिय हैं, कौन निष्क्रिय हैं, इन सबकी निगरानी की जा रही है।
पूर्वांचल कार्ड से जीत की तैयारी
पार्टी की रणनीति साफ है दिल्ली के पूर्वांचली मतदाताओं को अपने पक्ष में लाना। इसके लिए भाजपा नेता न केवल रैलियों और सभाओं में पूर्वांचल के हितों की बात कर रहे हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर घर-घर जाकर लोगों से संवाद भी कर रहे हैं। भाजपा का यह ‘पूर्वांचल प्लान’ चुनावी नतीजों पर कितना असर डालेगा, यह तो मतगणना के बाद ही पता चलेगा, लेकिन फिलहाल पार्टी ने पूरी तैयारी कर ली है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।