दिल्ली के जनकपुरी में इंश्योरेंस के नाम पर साइबर ठगी का भंडाफोड़

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (05 November 2026): दिल्ली के जनकपुरी इलाके में इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक संगठित कॉल सेंटर का पश्चिमी जिला पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की ऑपरेशन टीम ने छापेमारी कर मौके से 43 लोगों को पकड़ा है, जिनमें 32 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। आरोप है कि कॉल सेंटर में काम करने वाले लोग खुद को PNB MetLife, SBI Insurance, ICICI Lombard और Bharti AXA जैसी बड़ी बीमा कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर पॉलिसीधारकों को फोन करते थे। इसके बाद पॉलिसी अपग्रेड करने और आकर्षक लाभ दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठते थे। पुलिस ने इस मामले में कॉल सेंटर के मालिक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को जनकपुरी के A-3/11 स्थित दूसरी मंजिल पर अवैध साइबर कॉल सेंटर संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद ACP ऑपरेशंस राजेश कुमार के नेतृत्व और पश्चिमी जिला DCP की निगरानी में इंस्पेक्टर अमित धानी की टीम ने छापेमारी की। मौके पर 43 लोग वर्कस्टेशन पर बैठकर कीपैड फोन के जरिए कॉल करते मिले। पूछताछ के दौरान कॉल सेंटर का मालिक और प्रशासनिक स्टाफ किसी भी बैंक या बीमा कंपनी की ओर से अधिकृत होने का दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इस मामले में जनकपुरी थाने में FIR नंबर 450/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 लाख रुपये नकद, 48 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, फर्जी दस्तावेजों पर लिए गए 38 सिम कार्ड और 22 डेबिट, क्रेडिट एवं पेमेंट कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा पॉलिसीधारकों की जानकारी वाले 619 पन्ने, ग्राहकों का रिकॉर्ड रखने वाले 67 रजिस्टर और नोटबुक तथा AMSR कंपनी के नाम से बने 38 फर्जी पहचान पत्र भी मिले हैं। पुलिस जांच में कॉल सेंटर मालिक के मोबाइल फोन में मिले दो बैंक खाते नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज पांच साइबर शिकायतों से जुड़े पाए गए हैं।

जांच में ठगी का पूरा तरीका भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर का मालिक विशाल कपूर पॉलिसीधारकों का डेटा खरीदकर टेलीकॉलर्स को उपलब्ध कराता था। इसके बाद कर्मचारी खुद को बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर ग्राहकों को फोन करते और पॉलिसी अपग्रेड करने के साथ आकर्षक स्कीम का लालच देते थे। ग्राहक के तैयार होने पर उसे मैनेजर और HR के जरिए मालिक तक पहुंचाया जाता था, जहां पैसों के ट्रांसफर के लिए बैंक खातों की जानकारी दी जाती थी। कॉल सेंटर में AMSR Wealth Creators Pvt. Ltd. के नाम से पहचान पत्र इस्तेमाल किए जा रहे थे और कर्मचारियों की रोजाना रिपोर्टिंग के लिए ‘AMSR Daily Reporting’ नाम का व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया था। कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नकद में किया जाता था।

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान विशाल कपूर (35), नितिन शर्मा (39), गुंजन (23), अजय (24) और भीम (35) के रूप में हुई है। विशाल कपूर कॉल सेंटर का मालिक था, जबकि नितिन शर्मा एडमिन, गुंजन HR मैनेजर, अजय असिस्टेंट मैनेजर और भीम मैनेजर की भूमिका में था। बाकी 38 लोग टेलीकॉलर बताए गए हैं। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर और जॉइंट सीपी सुमन गोयल ने इस कार्रवाई के लिए पश्चिमी जिला पुलिस टीम की सराहना की है। फिलहाल बरामद उपकरणों, पॉलिसीधारकों के डेटा के स्रोत और बैंक खातों की जांच जारी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।