दीपवाली – छठ के मद्देनजर रेलवे ने किया बड़ा बदलाव, यात्रा करने से पहले जान लें ये नियम
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (05 November 2026): दिवाली और छठ पूजा के दौरान दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रित करने के लिए दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 3 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद कर दी गई है। इस आदेश के तहत नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इस दौरान यात्रियों को छोड़ने या लेने आने वाले सामान्य लोगों को प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे। हालांकि, बुजुर्गों, बीमारों, दिव्यांगों, अशिक्षित लोगों और महिला यात्रियों को सहायता की जरूरत होने पर उनके साथ आने वाले व्यक्तियों को आवश्यक छूट दी जाएगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दो अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक के अलावा नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली जंक्शन पर 3 से 15 नवंबर तक विभागीय पार्सल बुकिंग बंद रहेगी। वहीं 5 से 15 नवंबर तक सभी प्रकार के पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग पर भी प्रतिबंध रहेगा। इसमें लीज्ड एसएलआर, लीज्ड वीपी, डिमांड वीपी और एडवांस वीपी के जरिए होने वाली पार्सल गतिविधियां भी शामिल हैं। आनंद विहार टर्मिनल की वाशिंग लाइन और स्टेब्लिंग लाइन से होने वाली पार्सल गतिविधियों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पार्सल गतिविधियों को लेकर अलग व्यवस्था लागू की गई है। यहां 5 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक विभागीय पार्सल बुकिंग और सभी प्रकार के पार्सल की लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक रहेगी। हालांकि, स्टेशन की वीपी साइडिंग से पार्सल लोडिंग और अनलोडिंग जारी रहेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध की अवधि के दौरान यात्री अपना निजी सामान केवल यात्री कोच में ही ले जा सकेंगे। पार्सल वैन के जरिए सामान भेजने की सामान्य व्यवस्था प्रभावित रहेगी, जबकि पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग को अनुमति दी गई है।
वहीं दिवाली और छठ के मद्देनजर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए डायवर्टिंग रूल लागू किया गया है। इसके तहत आरक्षित और अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं, ताकि टिकट जांच और यात्रियों की आवाजाही में अव्यवस्था न हो। इसके अलावा स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। रेलवे प्रशासन का जोर त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव देने पर है।
रेलवे प्रशासन के इन फैसलों का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को रोकना तथा ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करना है। खासतौर पर बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक, पार्सल गतिविधियों पर प्रतिबंध और अलग-अलग यात्री कतारों जैसी व्यवस्थाओं से भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी यात्रा की तैयारी रखें और अनावश्यक रूप से स्टेशन परिसर में भीड़ न बढ़ाएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।