Chawri Bazar Building Collapse: CM रेखा गुप्ता एवं मंत्री आशीष सूद ने किया निरीक्षण, कौन है जिम्मेदार?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (05 November 2026): दिल्ली के चावड़ी बाजार के पास पैवलान इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने के मामले में दिल्ली सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। गुरुवार दोपहर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) और मंत्री आशीष सूद (Ashish Sood) घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि मलबे से दो लोगों के शव निकाले जा चुके हैं और एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम के जूनियर इंजीनियर (JE) और असिस्टेंट इंजीनियर (AE) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हादसे के बाद संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।
मौके पर मौजूद मंत्री आशीष सूद ने बताया कि संबंधित जेई और एई को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का तबादला कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संकरी गलियों में होने वाले अवैध निर्माण और निर्माण नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए। जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी ऐसे निर्माण कार्यों की निगरानी करना है और वे इसमें लापरवाही बरतते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि अवैध निर्माण को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करना जरूरी है।
आशीष सूद ने चांदनी चौक की ऐतिहासिक वॉल्ड सिटी के पुनर्विकास का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि शाहजहानाबाद डेवलपमेंट बोर्ड, जिसे अब इंद्रप्रस्थ डेवलपमेंट के नाम से जाना जाएगा, के तहत क्षेत्र के पुनर्विकास से जुड़े कई काम वर्षों से लंबित रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक प्रशासनिक जिम्मेदारियां पूरी नहीं होने के कारण स्थानीय लोग अपनी जरूरतों के हिसाब से निर्माण करने लगते हैं। ऐतिहासिक और हेरिटेज इमारतों के लिए नियम बनाने का काम भी लंबे समय से लंबित था। अब सरकार मास्टर प्लान के तहत हेरिटेज इमारतों के संरक्षण और निर्माण संबंधी मानक तैयार करने पर काम कर रही है। वहीं डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता सभी लोगों की सुरक्षा और राहत-बचाव अभियान है। हादसे के कारणों की भी जांच कराई जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।