ग्रेटर नोएडा में चैंबर निर्माण को लेकर वकीलों में विवाद

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/09/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध नगर जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में मंगलवार को चैंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए। नए चैंबर बनाए जाने को लेकर विरोध कर रहे अधिवक्ताओं ने परिसर में हंगामा किया और निर्माण कार्य से संबंधित शिलापट को तोड़ दिया।

विरोध के दौरान चैंबर निर्माण के लिए लाई गई सामग्री को भी मौके से हटाकर फेंक दिया गया। बताया गया कि बार कार्यालय परिसर में नए चैंबर बनाए जा रहे थे, जिसका कुछ अधिवक्ता पहले से विरोध कर रहे थे। निर्माण को लेकर वकीलों के बीच काफी समय से मतभेद चल रहे थे।

अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी के अनुसार, लाइब्रेरी हॉल में वर्तमान अध्यक्ष और सचिव की ओर से बिना अनुमति चैंबर बनाए जाने को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी थी। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को अधिवक्ता चौक पर बड़ी संख्या में वकील एकत्र हुए और आम सहमति से निर्माण का विरोध करते हुए उसे तोड़ दिया गया।

घटना के बाद बार एसोसिएशन की ओर से न्यायालय परिसर में आम सभा की बैठक बुलाई गई। बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज भाटी ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि भविष्य में यदि घटना में शामिल अधिवक्ताओं में से कोई बार चुनाव लड़ता है, तो अनुशासन समिति की ओर से तोड़फोड़ से हुए नुकसान की भरपाई की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सूरजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को मामले में कोई सूचना या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उनके मुताबिक, यह अधिवक्ताओं के बीच का आपसी मामला था और बातचीत के जरिए इसे सुलझा लिया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।