गौतमबुद्ध नगर में 16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना-2027 की स्व-गणना

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (06/11/2026): गौतमबुद्ध नगर में जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत नागरिक पहली बार खुद ऑनलाइन माध्यम से अपने और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए se.census.gov.in पोर्टल पर सुविधा उपलब्ध रहेगी। अभियान का उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया में अधिक से अधिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस संबंध में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आरडब्ल्यूए, सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से लोगों तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाने को कहा।

स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एसई-आईडी (SE-ID) मिलेगी। जिलाधिकारी ने नागरिकों से इस आईडी को सुरक्षित रखने की अपील की है। जनगणना कर्मचारी जब घर पहुंचेंगे तो परिवार को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे पहले से दर्ज जानकारी का मिलान किया जा सकेगा। इसके लिए जिले के प्रत्येक वार्ड, गांव और आवासीय सोसाइटी में सहायता बूथ भी बनाए जाएंगे, जहां प्रगणक और पर्यवेक्षक लोगों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में मदद करेंगे।

जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 14 नवंबर को बाल दिवस पर स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, चित्रकला और संवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, छात्रावासों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। एलजीबीटीक्यू+ समुदाय, विदेशी विद्यार्थियों और मंदिरों, आश्रमों तथा धर्मशालाओं में नियमित रूप से रहने वाले लोगों को भी जनगणना में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान के प्रचार के लिए मेट्रो और बस स्टेशनों, बाजारों, मॉल, सिनेमा घरों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बैनर व डिजिटल संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। नगर निकायों की कूड़ा संग्रहण करने वाली गाड़ियों से ऑडियो संदेश प्रसारित होंगे। सोशल मीडिया और स्थानीय संगठनों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना का प्रचार पूरी तरह गैर-राजनीतिक रहेगा। इसके लिए अधिकृत लोगो, ‘विकास-प्रगति’ मैस्कट और हेल्पलाइन नंबर 1855 का ही इस्तेमाल किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारी, विभिन्न तहसीलों के चार्ज अधिकारी तथा जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश के उप निदेशक अभिमन्यु सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।