ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी पहल: 85 रेहड़ी-पटरी संचालकों को मिले वेंडिंग प्लेटफॉर्म
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/11/2026): ग्रेटर नोएडा में रेहड़ी-पटरी लगाकर अपना और परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों को अब सड़कों के किनारे भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शहर में फुटपाथ और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को 85 पात्र वेंडरों को निर्धारित वेंडिंग जोन में प्लेटफॉर्म आवंटित किए गए। प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह और एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने लाभार्थियों को आवंटन पत्र सौंपे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शहर में वेंडिंग प्लेटफॉर्म आवंटित करने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके तहत प्राधिकरण ने शहर के 12 सेक्टरों में कुल 769 प्लेटफॉर्म तैयार किए हैं। इनमें सेक्टर बीटा-1, बीटा-2, सेक्टर-36, ओमीक्रॉन-1ए, ओमीक्रॉन-3, ज्यू-2, ज्यू-3, गामा-2, डेल्टा-1, डेल्टा-3, पाई-1 और पाई-2 शामिल हैं। इन स्थानों पर वेंडरों को एक निश्चित जगह उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय को व्यवस्थित स्वरूप देने की योजना है।

शुक्रवार को जिन 85 लोगों को प्लेटफॉर्म आवंटित किए गए, उनमें भूमिहीन किसान और लंबे समय से रेहड़ी-पटरी लगाकर आजीविका चलाने वाले पुराने वेंडर शामिल हैं। खास बात यह है कि इन वेंडिंग जोन में केवल प्लेटफॉर्म ही नहीं बनाए गए हैं, बल्कि वेंडरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शेड की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे दुकानदारों और वहां आने वाले लोगों को सहूलियत मिल सके।

प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को रोजगार के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। निर्धारित वेंडिंग जोन में दुकानें लगने से सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण कम होगा। इससे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
वहीं, प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिन सेक्टरों में सभी वेंडिंग जोन के प्लेटफॉर्म आवंटित कर दिए जाएंगे, वहां यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नो वेंडिंग जोन घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी। शेष पात्र वेंडरों को भी वेंडिंग जोन तैयार होने और प्लेटफॉर्म उपलब्ध होने के साथ आवंटन किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।