ग्रेटर नोएडा में बिजली व्यवस्था को लेकर NPCL और RWA की अहम बैठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (16 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर एनपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों और फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए सहित विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सेक्टर पी-3 स्थित उद्मन होटल में हुई इस बैठक में शहर की विद्युत सुरक्षा, रखरखाव और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने की।

बैठक में ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों से बड़ी संख्या में आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के पूर्व महासचिव एवं अधिवक्ता दीपक भाटी, डॉ. विकास जतन प्रधान, सेक्टर पी-3 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित भाटी, डेल्टा-1 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी, डेल्टा-2 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बॉबी भाटी, फेडरेशन के उपाध्यक्ष आलोक नागर एवं ब्रजेश भाटी, बीटा-1 के महासचिव हरेंद्र भाटी, सेक्टर-36 के अध्यक्ष डॉ. अजय भाटी, सचिव मधुर गोयल, संयुक्त सचिव परितोष पाटी, अश्विनी यादव, सुशील पाल सहित अन्य आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि मौजूद रहे।

खुले फीडर बॉक्स और विद्युत केबल पर जताई चिंता

बैठक के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने एनपीसीएल के अधिकारियों के सामने शहर के विभिन्न हिस्सों में व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधियों ने बताया कि कई स्थानों पर फीडर बॉक्स क्षतिग्रस्त या खुले हुए हैं, जबकि कुछ जगहों पर विद्युत केबल भी खुले और अव्यवस्थित तरीके से दिखाई देते हैं। इन परिस्थितियों को आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर बताया गया।

प्रतिनिधियों ने फीडर बॉक्स पर बिना अनुमति लगाए जा रहे विज्ञापनों और पोस्टरों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि विद्युत उपकरणों पर इस तरह के पोस्टर और विज्ञापन लगाए जाने से न केवल शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि विद्युत उपकरणों के रखरखाव में भी परेशानी पैदा हो सकती है।

पुरानी 33 केवी ओपन लाइन हटाने की मांग

आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टरों में मौजूद 33 केवी की पुरानी ओपन विद्युत लाइनों का मुद्दा भी एनपीसीएल अधिकारियों के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों के अनुसार, कुछ स्थानों पर विद्युत लाइन को भूमिगत किए जाने के बावजूद पुरानी ओपन लाइन अभी तक हटाई नहीं गई है। उन्होंने संबंधित स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में स्थित विद्युत उपकेंद्रों और बिजलीघरों की नियमित सफाई नहीं होने का विषय भी बैठक में उठाया गया। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने विद्युत परिसरों की समयबद्ध सफाई, बेहतर रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

एनपीसीएल ने विशेष अभियान चलाने का दिया आश्वासन

आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की ओर से रखी गई समस्याओं पर एनपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने गंभीरता से चर्चा की और इनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में विशेष अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त फीडर बॉक्स को बदला जाएगा। इसके साथ ही फीडर बॉक्स पर उचित लॉक लगाए जाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि खुले बॉक्स के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।

अधिकारियों ने खुले एवं अव्यवस्थित केबलों को व्यवस्थित करने, फीडर बॉक्स से अनधिकृत विज्ञापन और पोस्टर हटाने तथा विद्युत व्यवस्था से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।

समयबद्ध कार्रवाई और आरडब्ल्यूए को सूचना देने पर जोर

बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में सुरक्षित और व्यवस्थित विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनपीसीएल तथा आरडब्ल्यूए के बीच नियमित संवाद और समन्वय जरूरी है। प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरडब्ल्यूए की ओर से यह भी अपेक्षा जताई गई कि समस्याओं के समाधान के बाद संबंधित कार्रवाई की जानकारी फेडरेशन एवं संबंधित आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्रवार विद्युत समस्याओं के समाधान की स्थिति की प्रभावी निगरानी की जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।