जनता के आशीर्वाद से फिर इतिहास रचेगी बीजेपी: डॉ महेश शर्मा, सांसद | आत्मनिर्भर संकल्प सभा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (03/08/2026): गौतमबुद्ध नगर जनपद की दादरी विधानसभा स्थित आर.वी. नॉर्थलैंड इंस्टीट्यूट में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प जनसभा’ एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से विचार साझा किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, सुशासन और जनसहभागिता को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ पश्चिमांचल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर, राष्ट्रीय सचिव एवं राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, निवर्तमान पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र शिशौदिया, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह, एमएलसी नरेन्द्र भाटी, एमएलसी श्रीचन्द शर्मा, भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा तथा भाजपा नोएडा महानगर के जिलाध्यक्ष महेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि दादरी में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव का संकल्प है। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक समर्थन दिया और जिले की सभी सीटें पार्टी की झोली में डालकर संगठन के प्रति अपना विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं पर एक जिम्मेदारी भी है, जिसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा।

डॉ. महेश शर्मा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी का अभिनंदन करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में ईमानदारी और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि सात बार सांसद चुने जाना अपने आप में एक बड़ा राजनीतिक इतिहास है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर पंकज चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी ने एक अनुभवी और कर्मठ कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुर्जर समाज को सम्मान देने का कार्य किया है।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों को लगातार जिम्मेदारियां देकर भाजपा ने कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधायक तेजपाल नागर, विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह, विधायक पंकज सिंह, एमएलसी नरेन्द्र भाटी, एमएलसी श्रीचंद शर्मा सहित अन्य नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने क्षेत्र के समर्पित कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में स्थान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह वर्षों पहले नोएडा आए थे, तब संगठन का विस्तार सीमित था, लेकिन आज भाजपा पूरे क्षेत्र में मजबूत जनाधार वाली पार्टी बन चुकी है।
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ता और जनता एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत दिलाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दादरी की आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है तथा पार्टी आगामी चुनाव में एक बार फिर इतिहास रचने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
सभा के अंत में डॉ. महेश शर्मा ने क्षेत्र की जनता, वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और समर्थन के साथ उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाई है, उसके लिए वह सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का पुनः अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा भाजपा विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

कार्यक्रम का समापन भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।