GIMS लाठीचार्ज पर पुलिस का बयान: लाठीचार्ज नहीं हुआ, हंगामा करने वालों पर मुकदमा दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/06/2026): राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर 15 जून से जारी धरना-प्रदर्शन के बीच पुलिस और प्रशासन ने लाठीचार्ज के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। पुलिस के अनुसार अस्पताल परिसर में चिकित्सा सेवाएं बाधित होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, संस्थान, जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा कर्मचारियों से कई दौर की वार्ता की गई तथा उनकी मांगों के समाधान का आश्वासन भी दिया गया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार और हॉल में धरने पर डटे रहे, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तथा चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही थीं।

पुलिस का कहना है कि 24 जून को प्रदर्शनकारियों से कई बार अनुरोध किया गया कि वे अस्पताल के भीतर किसी अन्य निर्धारित स्थान पर अपना धरना जारी रखें, ताकि मरीजों को असुविधा न हो। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारी और बाहरी तत्व इस दौरान उग्र हो गए तथा हंगामा करने लगे। पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार किया, गेट तोड़ने का प्रयास किया और अस्पताल का माहौल अशांत करने की कोशिश की।

अधिकारियों के मुताबिक, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का प्रयास किया तो कुछ लोग सहमत हो गए, लेकिन कुछ व्यक्तियों द्वारा धक्का-मुक्की और खींचतान की गई। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए संबंधित लोगों को वहां से हटाया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी प्रकार का लाठीचार्ज या मारपीट नहीं की गई।

जिम्स प्रशासन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, चिकित्सकीय सेवाओं को प्रभावित करने और कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न करने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम में शामिल उपद्रवी तत्वों की पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कुछ प्रदर्शनकारी नेताओं और बाहरी तत्वों के हटने के बाद अस्पताल की ओपीडी समेत अन्य चिकित्सा सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और परिसर में शांति व्यवस्था कायम है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।