The Exceptional Naari – TEN Samman 2026: टेन न्यूज नेटवर्क के 21वें लॉन्च डे पर नारी शक्ति का सम्मान

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (21 November 2026): टेन न्यूज नेटवर्क के 21वें लॉन्च दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को ‘The Exceptional Naari – TEN Samman 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों की शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, उद्यमिता, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस विशेष आयोजन की परिकल्पना टेन न्यूज़ नेटवर्क के फाउंडर गजानन माली और डायरेक्टर सुनीता माली के नेतृत्व में की गई।

समारोह में दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सहभागिता की और गजानन माली, सुनीता माली सहित पूरी टेन न्यूज नेटवर्क की टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में Galgotias University, सशक्त महिला उद्यमी संगठन (SMUS), ExpoInn, Noida Entrepreneurs Association (NEA), Navratna Foundations और SHEwings जैसे संस्थानों एवं संगठनों का सहयोग रहा। इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान देने और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने टेन न्यूज नेटवर्क के 21वें स्थापना दिवस पर आयोजित ‘21 एक्सेप्शनल नारी सम्मान’ समारोह के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टेन न्यूज नेटवर्क को 21 वर्ष पूरे होने पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। ईश्वर करे कि टेन न्यूज नेटवर्क केवल 21 वर्ष ही नहीं, बल्कि सफलता की सेंचुरी लगाए। उन्होंने 21 ट्रांसफॉर्मेटिव वुमेन ट्रेलब्लेजर्स को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य की पूर्ति शक्ति के आह्वान के बिना अधूरी होती है। जिस प्रकार देवताओं को असुरों पर विजय प्राप्त करने के लिए मां दुर्गा का आह्वान करना पड़ा था, उसी प्रकार आज ये मातृशक्तियां अपने कर्मों से विकसित भारत की नींव को और अधिक मजबूत बना रही हैं। यह देखकर उन्हें बेहद खुशी है कि टेन न्यूज नेटवर्क ऐसी 21 प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित कर रहा है।

सम्मानित होने वाली महिलाओं को बधाई देते हुए बांसुरी स्वराज ने कहा कि आपकी कर्मशीलता और समर्पण के कारण आज आपको यह सम्मान प्राप्त हो रहा है। आप इसी तरह विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करती रहें। साथ ही, इन महिलाओं से प्रेरित होने वाली अन्य महिलाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में अपने आत्मविश्वास, मेहनत और संकल्प को इतना मजबूत बनाएं कि कोई भी लक्ष्य असंभव न लगे। उन्होंने प्रसिद्ध पंक्तियों के माध्यम से महिलाओं को प्रेरित किया— “खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले, खुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रज़ा क्या है।”

नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित गजानन माली, अशोक श्रीवास्तव, खुशबू सिंह, हिमांशु शर्मा, विपिन मलन सहित सभी सम्मानित अतिथियों और प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सम्मानित होने वाले सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि समाज के लिए अपने-अपने स्तर पर योगदान देना और उस योगदान को समाज द्वारा पहचान मिलना बेहद सराहनीय है। कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में रहकर समाज को बेहतर दिशा और नई ऊर्जा देने का प्रयास कर सकता है। चाहे कोई प्रोफेशनल क्षेत्र में काम कर रहा हो, समाज सेवा कर रहा हो, जिम संचालित कर रहा हो या कला के क्षेत्र से जुड़ा हो, हर व्यक्ति का योगदान समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पंकज सिंह ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि जिस समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ पूरी टीम समाज के मुद्दों को उठाने के लिए समय-समय पर डिबेट, डिस्कशन और संवाद आयोजित कर रही है, वह बेहद प्रशंसनीय है। ऐसे आयोजनों से कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आते हैं, जो प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए भी क्षेत्र के विकास में सहायक साबित होते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टेन न्यूज नेटवर्क भविष्य में भी इसी तरह उन लोगों की आवाज बनेगा, जिनकी बात अक्सर सत्ता के गलियारों और प्रशासन तक नहीं पहुंच पाती। उन्होंने पूरी टीम को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

पूर्व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग विमला बाथम ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए गजानन माली एवं उनकी पूरी टीम को 21वें उत्सव के आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने SMUS की अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वह समाज में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों द्वारा दी गई सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी प्रशंसा की और उन्हें मंच प्रदान करने वाले शिक्षकों एवं आयोजकों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि आज की नारी जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आज महिलाएँ राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, पुलिस और सेना सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने डीसीपी प्रीति यादव और एडीसीपी मनीषा सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन महिलाएँ पूरी दृढ़ता और सफलता के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएँ किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज सशक्त नारी हमारे देश की सबसे बड़ी जरूरत है। यहां उपस्थित सभी महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में कठिन परिश्रम और संघर्ष के दम पर इस मुकाम तक पहुंची हैं। किसी के लिए यह सफर आसान रहा होगा, तो किसी ने लंबा संघर्ष किया होगा, लेकिन हर महिला की सफलता के पीछे उसकी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति है। उन्होंने कहा कि हमें जीवन में प्रेरणा अपने परिवार, दादी, मां, शिक्षकों और आसपास के लोगों से मिलती है। इसलिए जरूरी है कि हम न केवल उनसे प्रेरणा लें, बल्कि अपने अनुभवों से दूसरी महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

सत्य शर्मा ने आगे कहा कि पिछले 25 वर्षों से वह राजनीति में सक्रिय हैं और उनके दादा जी स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व केवल अपने क्षेत्र में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि उन महिलाओं को भी साथ लेकर चलना है, जिन्हें परिवार या समाज से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पाता। जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी सशक्त भारत का निर्माण होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाएं जिम्मेदारी मिलने पर हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर सकती हैं। अंत में उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी सम्मानित महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब समय है कि वे अपनी उपलब्धियों के साथ समाज को भी आगे बढ़ाने में योगदान दें।

डीसीपी नोएडा प्रीति यादव ने सभी सम्मानित अवॉर्डीज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें एक बार फिर इस मंच पर आकर सभी को संबोधित करने का अवसर मिला, इसके लिए वह आयोजकों का धन्यवाद करती हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर मौजूद सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों में पहले से ही उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे प्रतिभाशाली और असाधारण व्यक्तित्वों को सम्मानित करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि नोएडा में लंबे समय से रहकर शहर और समाज के विकास के लिए आप सभी द्वारा किया जा रहा कार्य बेहद सराहनीय और अनमोल है। उन्होंने सभी सम्मानित व्यक्तियों की प्रशंसा करते हुए उनसे भविष्य में भी इसी तरह समर्पण और मेहनत के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते रहने की अपील की।

डॉ. खुशबू सिंह, अध्यक्ष, सशक्त महिला उद्यमी संगठन (SMUS) एवं CEO, आर्या फैशन ने अपने संबोधन में महिला सशक्तीकरण पर अपने विचार साझा करते हुए अपनी व्यक्तिगत संघर्ष यात्रा को प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2006 में मात्र 4,500 रुपये की नौकरी से अपने करियर की शुरुआत की थी और आज वह फैशन ज्वेलरी एवं हैंडबैग्स के एक्सपोर्ट कारोबार से जुड़ी हैं, जिसमें लगभग 2,500 से 3,000 महिलाएं कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी काम की शुरुआत छोटे स्तर से करने में संकोच नहीं करना चाहिए, क्योंकि सफलता की राह छोटे कदमों से ही शुरू होती है। उन्होंने महिलाओं को संदेश दिया कि जब भी वे अपनी राय रखती हैं या कोई निर्णय लेती हैं, तो अक्सर उन पर सवाल उठाए जाते हैं। ऐसे में उन्हें आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ अपनी बात पर अडिग रहना चाहिए। उन्होंने विशेष जरूरतों वाले बच्चों, विशेषकर ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की अपनी पहल का भी उल्लेख किया।

डॉ. खुशबू सिंह ने कार्यस्थल और पारिवारिक जीवन में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने करियर, अधिकारों और आत्मसम्मान के लिए स्वयं खड़ा होना होगा, क्योंकि उनकी सफलता की असली ताकत उनके भीतर ही है। उन्होंने बताया कि महिला विंग के गठन में आई चुनौतियों ने ही उन्हें सशक्त महिला उद्यमी संगठन की स्थापना के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से पीछे हटने के बजाय महिलाओं को दोगुनी ताकत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। गौतमबुद्ध नगर में जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और डीसीपी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं की भागीदारी को उन्होंने महिला सशक्तीकरण का सकारात्मक उदाहरण बताया। अंत में उन्होंने महिलाओं से कभी हार न मानने और अपनी क्षमताओं को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

टेन न्यूज नेटवर्क के 21वें स्थापना दिवस में ‘The Exceptional Naari – TEN Samman 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नोएडा विधायक पंकज सिंह, पूर्व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग विमला बाथम, दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्य शर्मा और डीसीपी नोएडा प्रीति यादव सहित कई गणमान्य हस्तियों ने महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान डॉ. खुशबू सिंह ने महिला सशक्तिकरण और अपनी संघर्ष यात्रा साझा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास रखने और चुनौतियों का डटकर सामना करने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में ADCP मनीषा सिंह, एमिटी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो (डॉ) बलविंदर शुक्ला, नवरत्न फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, NEA अध्यक्ष विपिन मल्हन, ज्योतिषाचार्य गौतम ऋषि, एडवोकेट डॉ ए पी सिंह और प्रो (डॉ) वंदना शर्मा दिया आदि लोग शामिल रहे।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत जानी मानी नृत्यांगना डॉ कल्पना भूषण एवं सुपर्णा भूषण, कथक नृत्यांगना दुर्गेश्वरी सिंह, वैशाली कला केंद्र एवं त्यागराजा सेंटर फॉर म्यूजिक एंड डांस के कलाकारों द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

The Exceptional Naari – TEN Samman 2026 | Ten News Network | Noida | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।