AAP के सात विधायकों को BJP का ऑफर? संजय सिंह बोले- ’15 करोड़ में खरीदने की साजिश’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (6 फरवरी 2025): आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि AAP के सात विधायकों को बीजेपी के कुछ लोगों ने फोन कर 15 करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश की। संजय सिंह का कहना है कि बीजेपी ने चुनावी हार मान ली है, इसलिए अब दिल्ली में विधायकों को तोड़ने की राजनीति शुरू कर दी गई है।

संजय सिंह ने कहा, “हमारे सात विधायकों को बीजेपी के लोगों ने फोन किया और कहा कि वे 15 करोड़ रुपये लेकर AAP छोड़कर बीजेपी में शामिल हो जाएं। हमने अपने विधायकों से कहा है कि वे ऐसी कॉल्स की रिकॉर्डिंग करें और इसकी शिकायत करें। अगर कोई उनसे मिलने आता है, तो वे छुपा हुआ कैमरा लगाकर उसका वीडियो भी बनाएं।”

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले ही बीजेपी को अपनी हार का अंदाजा हो गया है। संजय सिंह ने कहा, “जैसे पूरे देश में बीजेपी विपक्षी पार्टियों को तोड़ने की राजनीति कर रही है, वैसे ही अब दिल्ली में भी यही खेल खेला जा रहा है। लेकिन इस बार बीजेपी को मुंह की खानी पड़ेगी।”

AAP का कहना है कि चुनाव के दौरान भी बीजेपी ने कई तरह से आम आदमी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश की थी, लेकिन जनता ने फिर भी AAP का साथ दिया। संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी को दिल्ली की जनता के फैसले पर भरोसा नहीं है, इसलिए अब वह पैसे के दम पर सत्ता हथियाने की साजिश कर रही है।

हालांकि, इस आरोप पर बीजेपी की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन दिल्ली चुनाव के नतीजे आने से पहले इस तरह की बयानबाजी से राजनीतिक माहौल और गर्मा गया है। अब सबकी नजर 8 फरवरी के नतीजों पर है, जो यह तय करेंगे कि दिल्ली में अगली सरकार किसकी बनेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।