GRAP-2 की पाबंदियों के बीच बुराड़ी में निर्माण कार्य जारी, MCD अधिकारी बोले- ‘हम क्या कर सकते हैं’
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (04 November 2026): दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए सरकार और संबंधित एजेंसियों ने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी क्रम में 2 नवंबर की देर शाम से राजधानी में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। इसके तहत निर्माण गतिविधियों पर रोक सहित प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। वहीं, GRAP-1 के तहत भी दिल्ली में बीएस-6 मानक से नीचे के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध जैसी व्यवस्थाएं लागू हैं। इन तमाम पाबंदियों के बावजूद राजधानी में नियमों के उल्लंघन की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने दिल्ली के बुराड़ी ( संत नगर) स्थित बंगाली कॉलोनी की गली नंबर-21 में एक भवन के निर्माण के दौरान नियमों के उल्लंघन का मामला देखा। यहां निर्माणाधीन भवन में ढलाई का काम चल रहा था और इसके लिए डीजल इंजन का इस्तेमाल किया जा रहा था। ऐसे समय में जब प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्माण गतिविधियों पर पाबंदियां लागू हैं, खुले तौर पर डीजल इंजन का उपयोग किए जाने से सरकारी प्रतिबंधों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह घटना राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों की जमीनी निगरानी पर भी सवाल उठाती है।
इस मामले को लेकर टेन न्यूज नेटवर्क के संवाददाता ने एमसीडी के सिविल लाइंस जोन के डिप्टी कमिश्नर शशि प्रताप सिंह से टेलीफोन पर बातचीत की। टीम ने उनसे सवाल किया कि जब निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लागू हैं, तो इसके बावजूद भवन निर्माण और ढलाई का काम कैसे जारी है? इस पर डिप्टी कमिश्नर ने जवाब दिया, “हम क्या कर सकते हैं, हम संबंधित अधिकारी को रिपोर्ट करते हैं और वह वहां जाकर चालान करेंगे।” इसके बाद उन्होंने टीम से निर्माण स्थल का पता पूछा और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक निर्माण स्थल पर किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि जब GRAP की पाबंदियां लागू हैं और प्रशासन प्रदूषण रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के दावे कर रहा है, तो फिर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? केवल प्रतिबंध लगाने से प्रदूषण पर नियंत्रण संभव नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी पालन और नियमित निगरानी भी जरूरी है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ आम जनता को भी जिम्मेदारी निभानी होगी, तभी दिल्ली की जहरीली हवा को स्वच्छ बनाने की दिशा में ठोस परिणाम सामने आ सकेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।