वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण पर दिल्ली पुलिस ने क्यों दर्ज की FIR?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 November 2026): सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उनके खिलाफ रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (Sergey Lavrov) का कथित फर्जी और डिजिटल रूप से एडिट किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में FIR दर्ज की है। आरोप है कि प्रशांत भूषण ने अपने आधिकारिक X अकाउंट से यह वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें रूसी विदेश मंत्री के हवाले से भारत विरोधी और भड़काऊ बयान दिखाए गए थे। दिल्ली पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को साइबर गश्त के दौरान इस मामले पर संज्ञान लिया।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, स्पेशल सेल पुलिस स्टेशन को सोशल मीडिया हैंडल @thequotesnews की एक पोस्ट मिली थी। इसमें दावा किया गया था कि प्रशांत भूषण के आधिकारिक X हैंडल से रूसी विदेश मंत्री का एडिटेड वीडियो साझा किया गया है। पुलिस ने वीडियो की जांच की तो उसमें भ्रामक और उत्तेजक सामग्री पाई गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह की सामग्री से अफवाह फैलने, लोगों की छवि खराब होने और सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा था। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस मामले में भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) और नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास पहले ही वीडियो को फर्जी बता चुके थे। विदेश मंत्रालय की फैक्ट-चेक यूनिट ने सोशल मीडिया पर फेक अलर्ट जारी कर स्पष्ट किया था कि रूसी विदेश मंत्री का वायरल वीडियो वास्तविक नहीं है, बल्कि इसे डिजिटल तरीके से एडिट किया गया है। वहीं, रूसी दूतावास ने भी इस वीडियो को AI से तैयार की गई फर्जी सामग्री बताते हुए लोगों से इसे साझा नहीं करने की अपील की थी।

वायरल वीडियो में दावा किया गया था कि रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भारत के आंतरिक मामलों और रूस से तेल खरीदने की भारतीय नीति को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी की है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस वीडियो के मूल स्रोत, इसे तैयार करने की तकनीक और सोशल मीडिया पर इसे प्रसारित करने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली भ्रामक डिजिटल सामग्री के मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।