नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बदलेगी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर, निर्यात, पर्यटन और निवेश को मिलेगी नई उड़ान: डॉ. राकेश कुमार
टेन न्यूज़ नेटवर्क एक्सक्लूसिव
Jewar/Greater Noida News (15/06/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश और देश के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (EPCH) चीफ मेंटर – महानिदेशक के रोल में डॉ. राकेश कुमार ने इसे उत्तर भारत, विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए “गेम चेंजर” बताया है।
Ten News Network से विशेष बातचीत में डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि यह एयरपोर्ट केवल नोएडा या ग्रेटर नोएडा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, निर्यात, पर्यटन, आतिथ्य उद्योग और औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

निर्यात और व्यापार को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की आवाजाही पहले से कहीं अधिक आसान होगी। इससे भारत के हस्तशिल्प, एमएसएमई और निर्यात उद्योग को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इंडिया एक्सपो मार्ट पहले से ही वैश्विक प्रदर्शनियों और व्यापार मेलों का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष दुनिया के लगभग 180 देशों के खरीदार आते हैं। एयरपोर्ट की निकटता से उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उद्योगों को मिलेगा फायदा
डॉ. कुमार के अनुसार आगरा का मार्बल और फुटवियर उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग, सहारनपुर की लकड़ी कला, फिरोजाबाद का ग्लास उद्योग, फर्रुखाबाद की प्रिंटिंग इंडस्ट्री और बुलंदशहर सहित कई औद्योगिक क्लस्टर इस एयरपोर्ट से सीधे लाभान्वित होंगे।
बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, निवेश और निर्यात गतिविधियों में तेजी आएगी तथा स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।

MICE इंडस्ट्री बनेगी विकास का नया इंजन
उन्होंने कहा कि मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जीबिशन (MICE) उद्योग को इस एयरपोर्ट से सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले ILGF दिल्ली फेयर, ELECRAMA, CPHI Pharma और BAUMA जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही ग्रेटर नोएडा कन्वेंशन प्रमोशन ब्यूरो की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक पार्क, डिफेंस कॉरिडोर और प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स पार्क मिलकर इस क्षेत्र को भारत के सबसे बड़े आर्थिक केंद्रों में बदल देंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा विकसित की जा रही औद्योगिक परियोजनाएं और उत्पादन केंद्र भविष्य में बड़े निवेश और रोजगार का आधार बनेंगे।

होटल, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में आएगा बूम
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के संचालन के साथ होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, सर्विस अपार्टमेंट और एंटरटेनमेंट सेक्टर में बड़े निवेश की संभावनाएं हैं।
डॉ. कुमार ने जानकारी दी कि इंडिया एक्सपो मार्ट का पांच सितारा एक्सपो एंड कन्वेंशन होटल पहले ही इंडिगो एयरलाइंस के क्रू के पहले बैच की मेजबानी कर रहा है। आने वाले समय में जेवर क्षेत्र में एयरोसिटी, आधुनिक होटल और विश्वस्तरीय व्यावसायिक सुविधाओं का तेजी से विकास होगा।
उद्यमियों और युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
डॉ. राकेश कुमार ने युवाओं, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्यमियों से आह्वान करते हुए कहा,
“अवसर अब आपके दरवाजे पर है। यदि आप नया व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं या निवेश के लिए सही स्थान तलाश रहे हैं, तो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र आने वाले वर्षों में भारत का सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन बनने जा रहा है।”

उत्तर प्रदेश के विकास का नया अध्याय
उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में गौतम बुद्ध नगर, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र देश के सबसे आधुनिक औद्योगिक, व्यापारिक, पर्यटन और निवेश केंद्रों में शामिल होंगे।
डॉ. राकेश कुमार ने इस ऐतिहासिक परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।