सोने के कड़ों के लालच में दोस्त बना कातिल: हत्या के बाद शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/06/2026): गौतमबुद्ध नगर के कासना थाना क्षेत्र में नहर किनारे मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसके ही दोस्त ने सोने जैसे दिखने वाले पीली धातु के कड़े हड़पने के लालच में की थी। हत्या के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने और सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले करने का भी प्रयास किया था।
पुलिस के अनुसार, 12 जून को चीरसी गांव के पास नहर किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान दनकौर क्षेत्र के दौला राजपुर निवासी 23 वर्षीय हुजैफ के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी माध्यमों का विश्लेषण किया। इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक हुजैफ और आरोपी शहजाद उर्फ बिट्टू (19 वर्ष) आपस में परिचित और मित्र थे। दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, हुजैफ ने अपने घर से पीली धातु के चार कड़े चोरी किए थे और उन्हें बेचने की योजना के बारे में अपने साथियों को बताया था। इसी जानकारी के आधार पर आरोपी के मन में लालच पैदा हुआ और उसने कड़े बिकवाने का झांसा देकर हुजैफ को अपने साथ ले जाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनसान जगह की तलाश करते हुए हुजैफ को चीरसी गांव के पास नहर किनारे ले गया। वहां मौका पाकर उसने डंडे से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी कड़े लेकर फरार हो गया।
हालांकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी को इस बात का डर सताने लगा कि पुलिस कहीं उसकी पहचान तक न पहुंच जाए। इसी भय के चलते वह दोबारा घटनास्थल पर लौटा और शव पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जलाने का प्रयास किया, ताकि पहचान और अन्य सबूत मिटाए जा सकें। लेकिन आसपास लोगों के आने की आशंका होने पर वह शव को पूरी तरह जलाए बिना ही मौके से फरार हो गया।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कासना पुलिस ने आरोपी शहजाद उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा, तीन पीली धातु के कड़े तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है कि लालच ने एक दोस्त को ही अपने मित्र का हत्यारा बना दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।