ग्रेटर नोएडा में खुले नालों से बढ़ा हादसों का खतरा, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (02/02/2026): ग्रेटर नोएडा शहर में सड़कों के किनारे खुले और क्षतिग्रस्त नालों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। एक्टिव सिटीजन टीम, गौतमबुद्ध नगर की ओर से जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर इन नालों को शीघ्र ढकने और सुरक्षा उपाय करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में सड़क किनारे कई नाले खुले पड़े हैं, जिनसे आए दिन जान-माल का नुकसान हो रहा है। हाल ही में एक दर्दनाक हादसे में एक नवयुवक की कार समेत नाले में गिरने से मौत हो गई थी। इसके अलावा गोवंश और अन्य पशु भी इन खुले नालों की चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं।

एक्टिव सिटीजन टीम ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे लगातार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सक्षम अधिकारियों को फोन, व्हाट्सएप और पत्रों के माध्यम से अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के अधिकांश सेक्टर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट को छोड़कर, लगभग 25 वर्ष पुराने हैं। इन सेक्टरों में बने नाले भी इतने ही पुराने हैं। नालों को ढकने के लिए लगाई गई आरसीसी स्लैब पूरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं, कई स्थानों पर वे टूट चुकी हैं या बेहद खराब हालत में हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

टीम की ओर से मांग की गई है कि प्राधिकरण के सभी वर्क सर्किल क्षेत्रों में खुले और क्षतिग्रस्त नालों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाए। इसके साथ ही भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इन नालों को तत्काल ढकने, मजबूत स्लैब लगाने या बैरिकेडिंग जैसे सुरक्षा उपाय किए जाएं। एक्टिव सिटीजन टीम के हरेंद्र भाटी ने प्रशासन से अपील की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।