दिल्ली को फिर से बनाना होगा, दिल्ली पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है: भाजपा प्रत्याशी मनजिंदर सिंह सिरसा | राजौरी गार्डन
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (16 जनवरी 2025): राजधानी दिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी मनजिंदर सिंह सिरसा (Manjinder Singh Sirsa) ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। मनजिंदर सिंह सिरसा भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं, जो लंबे समय से सिख समुदाय के प्रभावशाली प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए हैं। सिरसा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं और उन्हें समुदाय की सेवा और धार्मिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए जाना जाता है। वह न केवल सिख समुदाय के बल्कि अन्य वर्गों के भी बीच एक भरोसेमंद और सक्रिय नेता माने जाते हैं। मनजिंदर सिंह सिरसा की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके नामांकन रैली के दौरान हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। इस भीड़ में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि सिरसा को समाज के हर वर्ग का व्यापक समर्थन प्राप्त है।

सिरसा ने नामांकन के बाद अपने निवास स्थान की ओर रवाना होकर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की बदहाली और अरविंद केजरीवाल सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला। सिरसा ने कहा कि दिल्ली की हालत पूरी तरह से उजड़ चुकी है। यहां सड़कों से लेकर सीवेज और पीने के पानी तक की स्थिति दयनीय है।
दिल्ली के हालात बद से बदतर हो चुके हैं। अरविंद केजरीवाल सरकार के झूठे वादों और लचर प्रबंधन ने दिल्ली को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। अब इसे फिर से जमीन से खड़ा करना होगा,सिरसा ने कहा।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली की जनता को झूठे वादों के सहारे भ्रमित किया है। उन्होंने पंजाब के मुद्दों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि केजरीवाल जी ने पंजाब की महिलाओं से ₹1000 देने का वादा किया था, लेकिन आज तक किसी को यह राशि नहीं मिली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, पंजाब की महिलाएं उन्हें ढूंढ रही हैं, अगर मिल जाएं तो उनकी ‘प्रॉपर सर्विस’ कर देंगी।
सिरसा ने राजौरी गार्डन क्षेत्र की समस्याओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा, यह इलाका पिछले दस वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़कों की हालत खराब है, सीवेज की लाइनें टूटी हुई हैं, और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। भाजपा सरकार बनने पर इन समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी वादा किया कि राजौरी गार्डन को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाया जाएगा।
नामांकन भरने के दौरान मनजिंदर सिंह सिरसा के साथ हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ी, जिसमें महिलाओं की बड़ी संख्या शामिल थी। यह उनकी लोकप्रियता और हर वर्ग के समर्थन को दर्शाता है। सिरसा ने कहा कि यह चुनाव केवल उनकी जीत का नहीं, बल्कि राजौरी गार्डन और पूरी दिल्ली को फिर से खड़ा करने का संकल्प है।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने अंत में कहा, जनता का समर्थन मेरे साथ है। मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा और दिल्ली को एक बेहतर और समृद्ध शहर बनाने के अपने वादे को निभाऊंगा। सिरसा का यह आत्मविश्वास और उनकी स्पष्ट योजना यह दर्शाती है कि आगामी चुनावों में वह विपक्षी दलों को कड़ी चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।