दिल्ली में चोरों के हौसले बुलंद, पूर्व BJP अध्यक्ष के घर के बाहर से क्रेटा कार चोरी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 November 2026): दिल्ली में वाहन चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब चोरों ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व महापौर आदेश गुप्ता को भी निशाना बना लिया है। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उनके घर के बाहर खड़ी Hyundai Creta कार चोरी हो गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी एक अन्य कार से मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले भी चोरों ने इसी जगह से कार चोरी करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय आसपास के लोगों की नजर उन पर पड़ गई और आरोपी बिना वारदात को अंजाम दिए भाग निकले थे। इसके बावजूद चोरों ने दोबारा उसी जगह को निशाना बनाया और इस बार आदेश गुप्ता की क्रेटा लेकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में कार चोरी के संगठित गिरोह भी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। पिछले महीने दिल्ली पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड ने पंजाब के अमृतसर से दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार कर पांच चोरी की गाड़ियां बरामद की थीं, जिनमें चार हुंडई क्रेटा शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह दिल्ली-एनसीआर से गाड़ियां चोरी कर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पंजाब में बेचता था। हालांकि, आदेश गुप्ता की कार चोरी का इस गिरोह से कोई संबंध सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस ताजा मामले की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।