कालकाजी से टिकट मिलने पर कांग्रेस नेता अलका लांबा की तीखी प्रतिक्रिया, केजरीवाल पर साधा निशाना
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (04 जनवरी 2025): दिल्ली चुनाव में कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार घोषित होने के बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा (Alka Lamba) ने अपनी उम्मीदवारी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे अपने राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा, “यह मेरा पांचवां चुनाव है। 30 साल के लंबे राजनीतिक सफर में मैंने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी व्यक्ति को ‘अस्थायी’ कहा जाएगा।”
उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा, “यह बयान किसी आम व्यक्ति का नहीं, बल्कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का है। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को ‘अस्थायी मुख्यमंत्री’ कहकर न सिर्फ संवैधानिक पद का अपमान किया, बल्कि महिला के रूप में उनका अपमान भी किया है।”
अलका लांबा ने आगे कहा कि इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं के खिलाफ एक गलत संदेश देती हैं। उन्होंने आतिशी से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की और कहा कि राजनीति में महिलाओं के लिए इस प्रकार की टिप्पणी अस्वीकार्य है।
अपने चुनावी अनुभव का जिक्र करते हुए लांबा ने कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा को दोहराया और कहा कि कालकाजी सीट से जनता को बेहतर नेतृत्व देने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी अब अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और केवल सत्ता के लिए काम कर रही है।
अलका लांबा के इस बयान ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। उनके इस तीखे प्रहार से कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उनके इस बयान पर आम आदमी पार्टी और आतिशी क्या प्रतिक्रिया देते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।