पहली बार लोक निवास पहुंचेंगे PM मोदी, प्रकाश पर्व पर शबद कीर्तन में होंगे शामिल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (23 November 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम दिल्ली के उपराज्यपाल के आधिकारिक आवास लोक निवास पहुंचेंगे। सिविल लाइंस स्थित लोक निवास में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर विशेष शबद कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री शामिल होकर गुरबाणी का श्रवण करेंगे। यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के उपराज्यपाल के आधिकारिक आवास पहुंचेंगे। इस विशेष आयोजन की मेजबानी दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू कर रहे हैं। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लोक निवास में आयोजित होने वाला यह विशेष समागम सोमवार शाम 4 बजे से 7 बजे तक चलेगा। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। इससे एक दिन पहले आयोजित कार्यक्रम में गुरबाणी और शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, मानवता, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया जाएगा। कार्यक्रम में सिख परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को विशेष स्थान दिया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए दिल्ली सरकार का गृह विभाग, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैयारियों में जुटी हैं। सिविल लाइंस और लोक निवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि अपने कार्यकाल के दौरान वह कई बार दिल्ली के प्रमुख गुरुद्वारों में मत्था टेकने पहुंच चुके हैं। इनमें गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब और बंगला साहिब प्रमुख हैं, लेकिन दिल्ली के उपराज्यपाल के आधिकारिक आवास लोक निवास में उनकी यह पहली यात्रा होगी। दूसरी ओर, सरदार तरनजीत सिंह संधू ने इसी साल 11 मार्च को दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था। उनके कार्यभार संभालने के बाद लोक निवास में आयोजित होने वाला यह पहला बड़ा गुरुपर्व कार्यक्रम है। ऐसे में प्रधानमंत्री की मौजूदगी इस आयोजन को और महत्वपूर्ण बना रही है।
इस दौरे के राजनीतिक और सामाजिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। दिल्ली के साथ-साथ पंजाब की राजनीति में सिख समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर प्रधानमंत्री का उपराज्यपाल आवास में आयोजित शबद कीर्तन में शामिल होना सिख समुदाय के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश माना जा रहा है। इसके साथ ही इस आयोजन को केंद्र सरकार और दिल्ली के उपराज्यपाल के बीच बेहतर प्रशासनिक समन्वय के प्रतीक के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके मानवता के संदेश को स्मरण करना है।
वहीं, प्रकाश पर्व को लेकर पूरी दिल्ली के गुरुद्वारों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। राजधानी के प्रमुख गुरुद्वारों को रोशनी और फूलों से सजाया गया है। मंगलवार को मुख्य प्रकाश पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन दरबार, धार्मिक आयोजन और लंगर की व्यवस्था की जाएगी। ऐसे में सोमवार शाम लोक निवास में होने वाला शबद कीर्तन कार्यक्रम राजधानी के प्रकाश पर्व आयोजनों का एक विशेष आकर्षण रहेगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू एक साथ गुरबाणी का श्रवण करेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।