छत्तीसगढ़ में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या: व्यक्तिगत रंजिश या भ्रष्टाचार का खुलासा बना कारण?

टेन न्यूज नेटवर्क

छत्तीसगढ़ (04 जनवरी 2025): छत्तीसगढ़ के बस्तर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या ने राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुकेश का शव ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के घर में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में हत्या का कारण व्यक्तिगत दुश्मनी और विवाद बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मुकेश चंद्राकर और मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में मुकेश ने बस्तर में 120 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण परियोजना में कथित अनियमितताओं को उजागर किया था, जिसमें सुरेश चंद्राकर भी शामिल थे। उनके इस खुलासे से सरकार ने मामले की जांच शुरू की थी, जिससे ठेकेदारों में नाराजगी बढ़ गई। दो दिन पहले सुरेश के भाई नरेश ने मुकेश को मिलने बुलाया, जिसके बाद से वह लापता हो गए। बाद में उनका शव सुरेश के घर के सेप्टिक टैंक से मिला।

पुलिस ने सुरेश चंद्राकर और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश और धमकियों से जुड़ी हो सकती है। इसके अलावा, जांच के दायरे में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

मुकेश चंद्राकर की बहादुरी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने दो साल पहले बस्तर के जंगलों में नक्सलियों द्वारा अगवा किए गए सीआरपीएफ जवानों को छुड़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह हमेशा स्थानीय मुद्दों और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते रहे, जिससे कई प्रभावशाली लोगों से उनका टकराव हुआ।

इस घटना के बाद पत्रकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या पत्रकारों को उनकी ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।