पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेन्द्र चंदोलिया ने AAP सरकार पर साधा निशाना, महिला सम्मान योजना को बताया फर्जी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (4 जनवरी 2025): पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेन्द्र चंदोलिया ने आज एक प्रेस वार्ता के माध्यम से दिल्ली की जनता को अहम संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखे आरोप लगाए। सांसद ने दिल्ली सरकार की महिला सम्मान राशि योजना को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि इस योजना के नाम पर महिलाओं के अकाउंट से पैसे कटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार के मंत्रालय ने इस योजना को मान्यता नहीं दी है और इसे केवल जनता को गुमराह करने का एक तरीका करार दिया।

चंदौलिया ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है और दिल्ली की महिलाओं को ऐसी योजनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार केवल खोखले वादे करती है और उनके द्वारा घोषित योजनाएं कभी पूरी नहीं होती। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां महिलाओं को एक हजार रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक किसी को लाभ नहीं मिला है। इसके कारण पंजाब की महिलाएं दिल्ली में धरना दे रही हैं, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है।

प्रेस वार्ता में पीएम मोदी के दिल्ली दौरों पर सवाल किए जाने पर सांसद ने कहा कि यह दौरे चुनावी नहीं, बल्कि विकास से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने दिल्लीवासियों को 4500 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी है। इसके तहत पश्चिमी और पूर्वी दिल्ली में दो नए कॉलेजों का उद्घाटन, एक आयुर्वेद कॉलेज की आधारशिला, और 1675 परिवारों को मकानों की चाबियां सौंपी गई हैं।

सांसद ने आगे कहा कि पीएम मोदी कल पश्चिमी दिल्ली में रिठाला-बवाना मेट्रो परियोजना का शिलान्यास करने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की कि वे अपना वोट सोच-समझकर डालें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को दस साल देने के बाद दिल्ली गर्त में जा चुकी है। अगर जनता ने फिर से आप को चुना, तो यह सरकार निरंकुश हो जाएगी।

बीजेपी के चुनावी घोषणा पत्र पर सवाल के जवाब में चंदौलिया ने बताया कि पार्टी ने आज अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है और जल्द ही दूसरी लिस्ट के साथ घोषणा पत्र भी पेश किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बीजेपी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी और दिल्ली के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।