गौतमबुद्ध नगर में “सत्याग्रह प्रदर्शनी” का आयोजन, बीजेपी ने मनाया आपातकाल दिवस

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (25 जून 2025): गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा आज 25 जून को ‘आपातकाल दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के जिला कार्यालय पर “आपातकाल पर सत्याग्रह प्रदर्शनी” का उद्घाटन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी और जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसके अतिरिक्त, दादरी विधायक तेजपाल नागर के सेक्टर ईटा ए-109 स्थित कैंप कार्यालय पर एक विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें आपातकाल के ऐतिहासिक तथ्यों और उसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी ने कहा कि 25 जून 1975 की रात तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने चुनाव को निरस्त किए जाने के बाद आंतरिक अशांति का बहाना बनाकर देश पर आपातकाल थोप दिया। यह फैसला किसी युद्ध या विद्रोह के कारण नहीं, बल्कि सत्ता में बने रहने की हठधर्मिता के चलते लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी की कांग्रेस सरकार ने संविधान की मूल भावना को कुचलते हुए अनुच्छेद 352 का दुरुपयोग किया और प्रेस की स्वतंत्रता को समाप्त कर दिया गया।

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने भी आपातकाल की विभीषिका को याद करते हुए कहा कि उस दौर में देश की कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका जैसे लोकतंत्र के तीनों स्तंभों को कांग्रेस सरकार ने बंधक बना लिया था। प्रेस पर इतना कठोर हमला किया गया कि कई बड़े अखबारों की बिजली काट दी गई और पत्रकारों को सेंसरशिप की बंदिशों के साथ जेल भेजा गया।

जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने एक परिवार को संविधान से ऊपर रखा और देश को परिवारवाद की प्रयोगशाला बना दिया। उन्होंने इसे भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे काला अध्याय बताया।

इस कार्यक्रम में जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कोरी, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, मंडलाध्यक्ष वीरेन्द्र भाटी, अर्पित तिवारी, धीर राणा, विचित्र तोमर, मनवीर नागर, अमन कौशिक, अशोक रावल, विजय रावल सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे और इस ऐतिहासिक दिन की गंभीरता को दोहराते हुए लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।