नोएडा में बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग, आरोपी को दबोचने में जुटी पुलिस

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (25 जून 2025): नोएडा के सेक्टर-53 इलाके में एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन झपट ली गई। यह वारदात रविवार दोपहर को उस समय हुई, जब महिला बाजार से लौटकर ई-रिक्शा से अपने घर के पास उतरी ही थीं। बाइक सवार दो बदमाश महिला का पीछा करते हुए आए और झपटमारी कर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी फुटेज अब सामने आ चुकी है।

पीड़िता के बेटे अजीत सिंह ने सेक्टर-24 थाने में दी शिकायत में बताया कि उनकी मां, राजकुमारी, सेक्टर-53 के बी ब्लॉक में रहती हैं। रविवार को दोपहर करीब दो बजे वे खरीदारी करने के लिए नजदीकी बाजार गई थीं। वापस लौटते समय उन्होंने ई-रिक्शा लिया और दोपहर करीब 2:10 बजे जब वह बी ब्लॉक के सामने ई-रिक्शा से नीचे उतर रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश तेजी से आए और गले से सोने की 10 ग्राम वजनी चेन छीन ली।

पीड़िता के शोर मचाने पर पास-पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन तब तक आरोपी बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोरों ने महिला को धक्का देकर गिराने की भी कोशिश की, जिससे वह असंतुलित होकर लड़खड़ा गईं। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-24 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि फुटेज में दोनों आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट तौर पर देखी जा सकती हैं और उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। बदमाशों की बाइक का नंबर प्लेट भी फुटेज में आंशिक रूप से नजर आ रहा है, जिसे साफ करने के लिए तकनीकी सहायता ली जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इस इलाके में चोरी और झपटमारी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन गश्त में कमी के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

सेक्टर-24 थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। CCTV फुटेज की मदद से जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।