ग्रेटर नोएडा में रियल एस्टेट घोटाला: बिल्डर ने एक ही फ्लैट को दोबारा बेचा, एफआईआर दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (05 जून 2025): ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में एक बड़े रियल एस्टेट घोटाले का खुलासा हुआ है, जहां Pinnacle Superstructure Pvt. Ltd. के निदेशकों और अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और विश्वासघात के गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता अविजीत चौधरी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने ₹66,55,400 की रकम देकर एक फ्लैट खरीदा था, जिसे बिल्डर ने नवंबर 2024 में दोबारा किसी और को बेच दिया।

शिकायत के अनुसार, 9 मार्च 2025 को जब अविजीत और अन्य फ्लैट खरीदारों ने अपनी फ्लैट साइट का दौरा किया, तो उन्होंने पाया कि उनके फ्लैट पर पहले से ही अज्ञात लोग कब्जा किए हुए हैं। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो साइट प्रभारी संजीथ ने बताया कि फ्लैट नवंबर में दोबारा बेच दिए गए हैं।

बिल्डर के प्रतिनिधियों ने न केवल खरीदारों के साथ गाली-गलौज की, बल्कि धमकी भी दी कि अगर वे दोबारा साइट पर आए तो उन्हें “मारकर साइट में दफना दिया जाएगा”। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बिल्डर कंपनी के निदेशकों के ऊंचे राजनीतिक संबंध हैं, जिसकी वजह से पुलिस भी कोई कार्रवाई करने से कतरा रही थी।

एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNSS), 2023 की धारा 318(4), 336(3), और 351(2) के तहत दर्ज की गई है। इसमें गुरिंदर सिंह सिका, अखिल गुप्ता, CRM गुरलीन, संजीथ और अन्य अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है।

हालांकि पहले भी 11 और 17 मार्च को शिकायतें दी गई थीं, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आखिरकार 19 मई 2025 को यह एफआईआर दर्ज की गई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।