समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू सोसाइटी ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में निकाला कैंडल मार्च
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा वेस्ट (28 अप्रैल 2025): कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हुए जघन्य आतंकी हमले में निर्दोष हिंदू परिवारों के मारे जाने की दर्दनाक घटना के विरोध में समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए 27 अप्रैल की शाम एक कैंडल मार्च एवं शोक सभा का आयोजन किया।
कैंडल मार्च का शुभारंभ सोसाइटी के मुख्य द्वार से हुआ, जो पूरे परिसर का एक चक्कर लगाते हुए सम्पन्न हुआ। इस दौरान सभी निवासी हाथों में जलती हुई मोमबत्तियाँ लेकर आतंकवाद के खिलाफ अपनी एकजुटता और दिवंगत आत्माओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते दिखे। मार्च के पश्चात एक सामूहिक शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें सभी निवासी अपने परिवारजनों सहित सम्मिलित हुए।
शोक सभा के दौरान सभी ने दो मिनट का मौन रखकर आतंकी हमले में शहीद हुए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से दोषियों को शीघ्र दंडित करने की अपील की।

समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू सोसाइटी के निवासियों ने इस अमानवीय कृत्य के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में अस्वीकार्य है और समाज को एकजुट होकर इसके खिलाफ सशक्त आवाज उठानी चाहिए। सोसाइटी के सभी निवासियों ने शहीद परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके साथ पूर्ण समर्थन और एकजुटता की भावना जाहिर की।
समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और निर्दोषों की शहादत को कभी व्यर्थ नहीं जाने देगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।