नोएडा में पटाखा दुकानों पर अग्निशमन विभाग की रहेगी कड़ी निगरानी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (04/11/2026): दीपावली के मद्देनजर नोएडा में पटाखों की बिक्री और भंडारण को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग ने निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहार के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पटाखा बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान दुकानों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता से लेकर बिजली के कनेक्शन और पटाखों के सुरक्षित भंडारण तक की जांच होगी।

इसी क्रम में बुधवार को सेक्टर-2 स्थित फायर स्टेशन पर पटाखा कारोबारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। डीसीपी नोएडा प्रीति यादव की ओर से आयोजित इस बैठक में एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में व्यापारियों को पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित नियमों और आग से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई। अब तक पटाखा बिक्री के लिए करीब 80 लोगों ने आवेदन किया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्रीन पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन की ओर से तय किए गए अधिकृत स्थानों पर ही की जा सकेगी। किसी भी दुकानदार को निर्धारित स्थल के बाहर पटाखे बेचने या नियमों के विरुद्ध उनका भंडारण करने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही प्रत्येक बिक्री केंद्र पर आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण रखना अनिवार्य होगा, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

बैठक में बिजली से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर भी विशेष जोर दिया गया। दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि बिक्री स्थलों पर खुले या क्षतिग्रस्त तारों का इस्तेमाल न करें और बिजली के उपकरणों को सुरक्षित तरीके से लगवाएं। दुकानों के आसपास ऐसी ज्वलनशील वस्तुएं जमा न होने दें, जिनसे आग फैलने का खतरा बढ़ सकता है। पटाखों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार ही रखना होगा।

अधिकारियों ने व्यापारियों को चेताया कि पटाखों के कारोबार में सुरक्षा संबंधी छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए अग्निशमन विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा। विभाग की टीम बिक्री स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेगी और नियमों की अनदेखी मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसका उद्देश्य दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री को व्यवस्थित रखने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।