NCERT की नई किताबों में बड़ा बदलाव, महाकुंभ पाठ्यक्रम में शामिल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 अप्रैल 2025): एनसीईआरटी (NCERT) ने कक्षा 7 की इतिहास और सामाजिक विज्ञान की किताबों में बड़ा बदलाव किया है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCFSE) 2023 के अनुरूप तैयार इन किताबों से मुगलों और दिल्ली सल्तनत से जुड़े सभी संदर्भ हटा दिए गए हैं। अब छात्रों को भारतीय परंपराओं, दर्शन और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े नए अध्याय पढ़ाए जाएंगे।

एनसीईआरटी अधिकारियों ने बताया कि यह नई किताबों का पहला भाग है और दूसरा भाग आगामी महीनों में प्रकाशित होगा। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हटाए गए मुगलों और सल्तनत से जुड़े अंश भविष्य में फिर से जोड़े जाएंगे या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि संशोधित पाठ्यक्रम भारतीय ज्ञान परंपरा और स्थानीय अनुभवों को ज्यादा महत्व देता है।

पहले भी एनसीईआरटी ने मुगलों और दिल्ली सल्तनत पर आधारित सामग्री को संक्षिप्त किया था, जिसमें तुगलक, खिलजी, मामलुक और लोदी वंशों का विवरण और मुगल शासकों की उपलब्धियों पर आधारित सारणियाँ शामिल थीं। लेकिन अब नई किताबों में इन विषयों से जुड़ा कोई भी जिक्र पूरी तरह से हटा दिया गया है।

नई सामाजिक विज्ञान की किताब “एक्सप्लोरिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड” में प्राचीन भारतीय राजवंशों — मगध, मौर्य, शुंग और सातवाहन — पर विस्तृत अध्याय जोड़े गए हैं। साथ ही, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों जैसे चार धाम यात्रा, 12 ज्योतिर्लिंग, शक्ति पीठ और महाकुंभ जैसे आयोजनों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

एनसीईआरटी का कहना है कि नई किताबें छात्रों को भारतीय लोकाचार से परिचित कराते हुए उनमें सांस्कृतिक गर्व और जड़ों से जुड़ाव की भावना विकसित करेंगी। सरकार की पहल ‘मेक इन इंडिया’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों को भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है, जिससे शिक्षा को आधुनिक विकास से भी जोड़ा जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।