आतंकी हमले के विरोध में ग्रेटर नोएडा में कैंडल मार्च, सख्त कार्रवाई की मांग | Pahalgam Attack

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (28 अप्रैल 2025): पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू-1 के निवासियों ने 27 अप्रैल की देर शाम एकजुट होकर कैंडल मार्च निकाला और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। निवासियों सूबेदार जीत सिंह, विनय शर्मा, कुलदीप बघेल, नागेंद्र नेगी, कलावती देवी, रोशनी देवी समेत कई अन्य लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए आतंकियों द्वारा किए गए इस निर्मम नरसंहार की कड़ी निंदा की। सभी ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर प्रार्थना की।

सेक्टर जू-1 निवासी विनय कुमार शर्मा ने टेन न्यूज़ से बातचीत में कहा कि पहलगाम में मारे गए निर्दोष भारतीयों को शहीद का दर्जा दिया जाए और उनके परिवारों को सरकारी नौकरी एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी मांग रखी कि आम नागरिकों को भी आर्मी ट्रेनिंग दी जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं का डटकर मुकाबला किया जा सके। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और उन्हें उनके किए की कड़ी सजा मिलेगी।

महिलाओं ने भी इस अवसर पर सरकार से अपनी नाराजगी और मांगों को खुलकर व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने भारतीयों का धर्म पूछकर उन्हें मौत के घाट उतारा, जो अत्यंत निंदनीय है। महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि भारत भी आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दे। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि आतंकी हमले में मारे गए नागरिकों के परिवारों को कम से कम 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए तथा ऐसे कठोर कदम उठाए जाएं जिससे भविष्य में कोई भी भारत के खिलाफ ऐसी बर्बरता करने की हिम्मत न कर सके।

कैंडल मार्च में शामिल सभी निवासियों ने एक सुर में आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने और देश की अखंडता व सुरक्षा के लिए हर संभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।