भारत का पाकिस्तान पर बड़ा प्रहार, कई यूट्यूब चैनलों पर बैन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 अप्रैल 2025): कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए हैं। भारत सरकार ने जहां पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाया है, वहीं सिंधु जल समझौते को भी रोक दिया गया है। इसके अलावा भारत ने पाकिस्तानी दूतावास को बंद करने और पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा छूट को रद्द करने का भी फैसला किया है।

पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर लगा प्रतिबंध

गृह मंत्रालय की सिफारिश पर भारत सरकार ने कई प्रमुख पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इन चैनलों पर जम्मू-कश्मीर में हुई पहलगाम आतंकी घटना के मद्देनजर भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का आरोप है। प्रतिबंधित चैनलों में शामिल हैं:

डॉन न्यूज (19.6 लाख सब्सक्राइबर)

इरशाद भट्टी (8.27 लाख सब्सक्राइबर)

समा टीवी (1.27 करोड़ सब्सक्राइबर)

एआरवाई न्यूज (1.46 करोड़ सब्सक्राइबर)

बोल न्यूज (78.5 लाख सब्सक्राइबर)

रफ्तार (8.04 लाख सब्सक्राइबर)

द पाकिस्तान रेफरेंस (2.88 लाख सब्सक्राइबर)

जियो न्यूज (1.81 करोड़ सब्सक्राइबर)

समा स्पोर्ट्स (73.5 हजार सब्सक्राइबर)

जीएनएन (35.4 लाख सब्सक्राइबर)

उजैर क्रिकेट (2.88 लाख सब्सक्राइबर)

उमर चीमा एक्सक्लूसिव (1.25 लाख सब्सक्राइबर)

अस्मा शिराजी (1.33 लाख सब्सक्राइबर)

मुनीब फारूक (1.65 लाख सब्सक्राइबर)

सुनो न्यूज एचडी (13.6 लाख सब्सक्राइबर)

राजी नामा (2.70 लाख सब्सक्राइबर)

सिंधु जल समझौते पर रोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक में भारत ने सिंधु जल समझौते को तत्काल प्रभाव से रोकने का फैसला लिया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि यह निर्णय भारत-पाकिस्तान के बिगड़ते संबंधों और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा छूट रद्द

सरकार ने सार्क (SAARC) देशों के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को दी गई सभी वीजा छूट को रद्द कर दिया है। इसके अलावा, भारत में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी राजनयिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश जारी किया है।

अटारी बॉर्डर भी होगा बंद

भारत और पाकिस्तान के बीच जमीनी संपर्क को समाप्त करने के लिए अटारी बॉर्डर चेकपोस्ट को भी बंद किया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करना और आतंकी गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाना है।

पहलगाम हमले के बाद बढ़ी सख्ती

गौरतलब है कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस भीषण हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ यह व्यापक कार्रवाई करते हुए यह संदेश दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।