FIITJEE कोचिंग पर ED की बड़ी रेड, मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी मामले की जांच तेज
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (24 अप्रैल, 2025): दिल्ली-एनसीआर के नामी कोचिंग संस्थान FIITJEE पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह रेड मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है।
ED की टीमें तड़के करीब 4 बजे नोएडा के सेक्टर-62 स्थित FIITJEE सेंटर, दिल्ली, गुरुग्राम और संस्थान के प्रमोटर डी.के. गोयल के आवास और कार्यालयों पर पहुंचीं। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेजों की जांच की गई।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश और दिल्ली में FIITJEE के खिलाफ दर्ज कई एफआईआर के आधार पर की गई है। संस्थान पर छात्रों और अभिभावकों से फीस लेकर कोर्स अधूरा छोड़ने और सेंटर बंद करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
जनवरी 2025 में FIITJEE के कई सेंटर बिना सूचना बंद कर दिए गए थे, जिससे करीब 12,000 छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हुई थी। अभिभावकों का आरोप है कि संस्थान ने सालभर की फीस पहले ही ले ली थी, लेकिन बाद में अचानक ताले जड़ दिए।
इस घटना के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में संस्थान के खिलाफ पुलिस में कई शिकायतें दर्ज की गई थीं।
अब ED ने इस मामले में जांच तेज कर दी है और वित्तीय अनियमितताओं, फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका के तहत कार्यवाही की जा रही है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।