ग्रेटर नोएडा केवल हाईराइज नहीं, भविष्य की पीढ़ी का कैनवास है: ACEO Prerna Singh, GNIDA | Bharat Shiksha Expo 2025
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (24 अप्रैल 2025): देश को शैक्षणिक दिशा और भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘भारत शिक्षा एक्सपो 2025’ का आज भव्य शुभारंभ हुआ। यह बहुप्रतीक्षित तीन दिवसीय शिक्षा महोत्सव 24 से 26 अप्रैल तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जा रहा है।

इस विशाल आयोजन का उद्घाटन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) प्रेरणा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उनके साथ मंच पर कई प्रमुख शिक्षाविद और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मा. शकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की कुलपति प्रो. विमला, उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के सदस्य सचिव प्रो. दिनेश शर्मा, ए.के.टी.यू इनोवेशन हब के प्रमुख महीप सिंह, डॉ. एस.पी. मिश्रा, और इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के सीएफओ सचिन सिन्हा शामिल थे।
शिक्षा और तकनीक का संगम: ‘क्रिएथॉन 2025’
भारत शिक्षा एक्सपो का प्रमुख आकर्षण ‘क्रिएथॉन इनोवेशन चैलेंज’ है, जो युवा नवाचारियों को एक साझा मंच प्रदान करता है। इसमें हैकाथॉन, स्टार्टाथॉन, आइडियाथॉन, कोडथॉन जैसे प्रतिस्पर्धात्मक सत्रों के माध्यम से छात्र अपनी तकनीकी प्रतिभा को सामने ला रहे हैं। इस वर्ष 300 से अधिक छात्र-नेतृत्वित प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए हैं, जो आज की सामाजिक और तकनीकी समस्याओं का समाधान खोजने की दिशा में प्रेरित हैं।

इसके अतिरिक्त ड्रोन शो, रोबोटिक्स इवेंट्स जैसे रोबो वॉर, रोबो रेस और रोबो सॉकर जैसे आकर्षक तकनीकी डेमो भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। एक्सपो में 200 से अधिक प्रदर्शक, 500 से ज्यादा शैक्षणिक उत्पाद व सेवाएं, 25 से अधिक थीमैटिक श्रेणियाँ और 20 छात्र-केंद्रित गतिविधियाँ शामिल हैं। लगभग 14,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस मेले में देशभर से स्कूल, कॉलेज, टेक स्टार्टअप्स, सरकारी संस्थान और छात्र भाग ले रहे हैं।
प्रेरणा सिंह की सोच और नेतृत्व: ग्रेटर नोएडा को ‘एजुकेशन हब’ बनाने का सपना
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह शिक्षा एक्सपो सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं बल्कि एक विजन है भारत के युवाओं को दिशा देने का। उन्होंने कहा, मेरा दिल से आभार उन सभी का जो इस कार्यक्रम को सफल बना रहे हैं। भारत शिक्षा एक्सपो ग्रेटर नोएडा को एक शैक्षिक नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
प्रेरणा सिंह ने आगे बताया कि इस आयोजन की परिकल्पना ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. की सोच का परिणाम है, जिनकी इच्छा थी कि देश के सभी शिक्षाविद, तकनीकी विशेषज्ञ और विद्यार्थी एक मंच पर आएं और विश्वस्तरीय अवसरों से रूबरू हों। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट अब केवल एक रिहायशी इलाका नहीं रहा, बल्कि यह ‘भारत का सिलिकॉन वैली’ बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने गर्व के साथ कहा, आज जब मैं देश के विभिन्न हिस्सों से आए छात्रों और संस्थाओं की भागीदारी देखती हूँ, तो लगता है कि हमारा सपना साकार हो रहा है।
एजुकेशन सेक्टर को वैश्विक मंच की ओर ले जाता भारत शिक्षा एक्सपो
प्रेरणा सिंह ने यह भी बताया कि भारत शिक्षा एक्सपो का यह दूसरा संस्करण पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली और संगठित है। उन्होंने कहा कि सितंबर 2024 में आयोजित पहले संस्करण के मुकाबले इस बार ज्यादा जागरूकता, प्रतिभागिता और उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा, पहली बार लोगों को एक्सपो के उद्देश्य को समझने में समय लगा था, लेकिन इस बार लोगों को इसकी उपयोगिता और विजन स्पष्ट है। इस आयोजन का समय भी बिल्कुल सटीक है, जब छात्र अपने करियर विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहे होते हैं और संस्थानों के लिए भी यह नए छात्रों को आकर्षित करने का सुनहरा मौका है।
नई पीढ़ी को सही दिशा में मार्गदर्शन देने का मंच
उन्होंने कहा कि आज के समय में AI, डेटा साइंस, रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में तकनीकी विकास बहुत तेज़ है। ऐसे में बच्चों को एक ऐसा मंच चाहिए जहाँ वे इन तकनीकों से अवगत हो सकें और उन्हें अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिले। अंत में प्रेरणा सिंह ने आयोजन के सफल संचालन के लिए मुख्य सचिव मनोज सिंह, सीईओ रवि कुमार एन.जी., IEML टीम और सभी शैक्षणिक संस्थानों को धन्यवाद और शुभकामनाएँ दीं।
भारत शिक्षा एक्सपो 2025 ने यह प्रमाणित कर दिया है कि ग्रेटर नोएडा अब केवल इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट का केंद्र नहीं बल्कि शिक्षा, तकनीक और नवाचार का भी गढ़ बन रहा है। यहाँ न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्थान भी रुचि दिखा रहे हैं। प्रेरणा सिंह के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा भविष्य में भारत की एजुकेशन कैपिटल बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।