गौतमबुद्ध नगर में बदली मतदान व्यवस्था, 23 मतदान केंद्र बढ़े

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (07/11/2026): गौतमबुद्धनगर जिले में मतदान व्यवस्था में बदलाव किया गया है। निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की नई संख्या निर्धारित कर दी गई है। संशोधित व्यवस्था के तहत जिले में अब 766 मतदान केंद्र होंगे, जहां कुल 1,926 मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। पहले जिले में 743 मतदान केंद्र और 2,024 मतदेय स्थल थे।

नई व्यवस्था के अनुसार दादरी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 328 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां 747 मतदेय स्थल होंगे। नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 234 मतदान केंद्र और 784 मतदेय स्थल तय किए गए हैं। वहीं जेवर विधानसभा क्षेत्र में 204 मतदान केंद्रों पर 395 मतदेय स्थल बनाए जाएंगे।

पुनर्गठन के दौरान जिले में 32 नए मतदान केंद्र शामिल किए गए, जबकि 9 पुराने केंद्रों को कम किया गया। इससे मतदान केंद्रों की कुल संख्या में 23 की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर, 12 नए मतदेय स्थल जोड़े गए और 110 मतदेय स्थल कम किए गए। इस तरह मतदेय स्थलों की कुल संख्या में 98 की कमी आई है।

मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ 21 और 26 अक्टूबर को बैठकें की गई थीं। चर्चा के बाद संशोधित प्रस्ताव 27 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भेजे गए थे। आयोग से मंजूरी मिलने के बाद अब तीनों विधानसभा क्षेत्रों की नई व्यवस्था तय हो गई है।

मतदान केंद्रों की संख्या में बदलाव का असर मतदाताओं के मतदान स्थल पर भी पड़ सकता है। कुछ इलाकों में मतदान केंद्र या मतदेय स्थल बदलने की संभावना है। ऐसे में मतदाताओं को आगामी चुनाव से पहले अपनी मतदाता सूची में दर्ज मतदान केंद्र की जानकारी जरूर जांचनी होगी, ताकि मतदान के दिन उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।