नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दीपावली पर फायर अलर्ट, 19 जगह दमकल यूनिट तैनात

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (08/11/2026): दीपावली के त्योहार को देखते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। त्योहार के दौरान आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए जिले के 19 प्रमुख स्थानों पर दमकल की गाड़ियां तैनात की जाएंगी। वहीं, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संकरी गलियों में त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए फायर बाइक से भी निगरानी की जाएगी।

नोएडा में भंगेल पुलिस चौकी, सेक्टर-12/22 पुलिस चौकी, सेक्टर-18 और सेक्टर-49 में दमकल की गाड़ियां तैनात रहेंगी। वहीं, ग्रेटर नोएडा में जगत फार्म, दादरी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी पुलिस चौकी के पास दमकल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बहलोलपुर, रबूपुरा, दनकौर और जेवर समेत अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी अग्निशमन टीमें मुस्तैद रहेंगी।

त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए अट्टा मार्केट, सेक्टर-62 स्थित एक मॉल और सर्फाबाद मार्केट में फायर बाइक तैनात की जाएंगी। वहीं, नवादा और सेक्टर-66 में अग्निशमन उपकरणों के साथ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क, एच्छर मार्केट और हल्दौनी मोड़ पर भी अग्निशमन कर्मियों को जरूरी उपकरणों के साथ तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले के सभी निर्धारित पटाखा बिक्री स्थलों पर एक-एक दमकल यूनिट मौजूद रहेगी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, दीपावली को देखते हुए अग्निशमन विभाग की सभी टीमें अलर्ट पर हैं। प्रमुख बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और पटाखा बिक्री स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। वहीं, त्योहार के दौरान बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। रात के समय गश्त तेज रखने के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।