दिवाली पर पटाखे जलाने से पहले रहें सतर्क, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (07/11/2026): दीपावली और छठ पूजा के त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने जिले के लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने पटाखे जलाने, घरों और दुकानों में बिजली की सजावट करने तथा आग से बचाव को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों का भी ध्यान रखें।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने नागरिकों से कहा है कि पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। बाजारों, संकरी गलियों और पार्किंग जैसी जगहों पर आतिशबाजी करने से बचें। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और उनके साथ किसी बड़े व्यक्ति का होना जरूरी है। पटाखे जलाते समय पास में पानी और रेत की व्यवस्था रखें। जो पटाखा नहीं जलता है, उसे दोबारा जलाने का प्रयास न करें।
प्रशासन ने घरों में दीपक और मोमबत्तियां जलाते समय भी सावधानी बरतने को कहा है। इन्हें पर्दों, कपड़ों, कागज और अन्य ज्वलनशील सामान से दूर रखें। पटाखों को रसोई, गैस सिलेंडर और पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों के आसपास न रखें।
दीपावली पर बिजली की झालर और लाइट लगाते समय खराब तारों, टूटे प्लग और ओवरलोडेड एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल न करें। केवल प्रमाणित विद्युत उपकरणों का उपयोग करें और काम पूरा होने के बाद बिजली का मुख्य स्विच बंद कर दें। शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर पानी डालने के बजाय पहले बिजली की सप्लाई बंद कराएं और अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल करें।
इसके अलावा प्रशासन ने पटाखों से निकलने वाले धुएं और तेज आवाज को लेकर भी चिंता जताई है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को इससे बचाने की अपील की गई है। लोगों से कम आतिशबाजी करने, कचरे को सड़कों और नालियों में नहीं फेंकने तथा प्लास्टिक व ज्वलनशील सामग्री को खुले में नहीं जलाने को कहा गया है।
त्योहारों के दौरान अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा नहीं करने की भी हिदायत दी गई है। आगजनी, दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में जिला प्रशासन को तुरंत सूचना देने को कहा गया है। इसके लिए जिला आपातकालीन कंट्रोल रूम के दो हेल्पलाइन नंबर 0120-2978231 और 0120-2978232 जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने जिले के व्यापारियों, बाजार समितियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आवासीय सोसायटियों से भी सुरक्षा इंतजामों का ध्यान रखने की अपील की है, ताकि दीपावली और छठ पूजा का आयोजन सुरक्षित माहौल में हो सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।