इस्कॉन, ग्रेटर नोएडा द्वारा गौर पूर्णिमा पर तीन दिवसीय भव्य आध्यात्मिक उत्सव का भव्य आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (7 मार्च 2025): अन्तर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा आयोजित गौर पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन लेबर चौक के पास के मैदान, अल्फा-2, ग्रेटर नोएडा में किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय दिव्य उत्सव 13 मार्च से 15 मार्च 2025 तक चलेगा, जिसमें भक्ति, कीर्तन, कथा, नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति होगी।

भक्तिमय कार्यक्रमों की श्रृंखला:

13 मार्च 2025 (गुरुवार):

शाम 6:00 बजे से शुभारंभ संकीर्तन से होगा, जिसके बाद 6:30 बजे गौर कथा का आयोजन होगा। इस कथा में गौड़ीय वैष्णव परंपरा एवं श्री चैतन्य महाप्रभु के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला जाएगा। 8:00 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें भजन, नृत्य एवं अन्य आध्यात्मिक प्रस्तुतियाँ होंगी। रात 9:00 बजे महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

14 मार्च 2025 (शुक्रवार):

दूसरे दिन की शुरुआत भी 6:00 बजे संकीर्तन से होगी। इसके बाद 6:30 बजे भगवान का अभिषेक होगा, जहां श्रद्धालु अभिषेक दर्शन कर सकेंगे। 7:00 बजे गौर कथा में भक्तों को आध्यात्मिक ज्ञान की अनुभूति होगी। 8:30 बजे नाट्य लीला का आयोजन होगा, जिसमें भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु की दिव्य लीलाओं को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस भक्तिमय संध्या का समापन 9:30 बजे महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।

15 मार्च 2025 (शनिवार):

महोत्सव के अंतिम दिन 6:00 बजे कीर्तन से कार्यक्रम आरंभ होगा। 6:30 बजे गौर कथा का आयोजन होगा, जहां भक्तों को महाप्रभु के प्रेम और करुणा की कथा सुनने को मिलेगी। इसके बाद 8:00 बजे नौका विहार का दिव्य आयोजन किया जाएगा, जो भक्तों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव होगा। इस पावन अवसर का समापन 9:00 बजे महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।

भक्ति और आध्यात्म का अद्भुत संगम

यह गौर पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धालुओं को भक्ति, कीर्तन, कथा और सेवा के माध्यम से भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु की कृपा प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय भक्तों के अलावा दूर-दूर से श्रद्धालु भी शामिल होंगे। आयोजकों ने सभी भक्तों से इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। भक्ति से सराबोर इस दिव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।