सीएम योगी का नोएडा-ग्रेटर नोएडा दौरा, कई परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (4 मार्च 2025): नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 8 मार्च को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के आगमन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनकी यात्रा की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने संभावित दौरे को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न कंपनियों के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

तीन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री सेक्टर-145 स्थित एमएक्यू सॉफ्टवेयर कंपनी की नई इमारत का लोकार्पण करेंगे, जो पूरी तरह से तैयार हो चुकी है। इसी सेक्टर में स्थित माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के नए भूखंड का शिलान्यास भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। इसके अलावा, सेक्टर-132 में निर्मित सीपी कंपनी के डाटा सेंटर का भी उद्घाटन किया जाएगा। इन तीन प्रमुख परियोजनाओं के बाद सीएम योगी ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

यात्रा को लेकर तैयारियां तेज

हालांकि, अभी तक मुख्यमंत्री के आगमन की आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन प्राधिकरण और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में सड़क मरम्मत, सफाई, हरियाली और यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। विशेष रूप से चिल्ला, डीएनडी, कालिंदी कुंज बॉर्डर और सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से एमपी-2 एलिवेटेड रोड होते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के दोनों ओर सड़कों को बेहतर बनाने का कार्य तेज कर दिया गया है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी कर सकते हैं दौरा

सूत्रों के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण करने भी जा सकते हैं। वे वहां निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट लेंगे। अप्रैल में इस एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स के संचालन की उम्मीद जताई जा रही है, ऐसे में सीएम की यह संभावित यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सीएम योगी का औद्योगिक विकास पर जोर

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आईटी, डेटा सेंटर और अन्य व्यवसायिक परियोजनाओं के विस्तार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री की यह संभावित यात्रा निवेशकों और कंपनियों के लिए एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखी जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।