ग्रेटर नोएडा (27 फरवरी 2025): उत्तर प्रदेश के राज्य कर विभाग ने राजस्व संग्रह के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर संग्रह कर लिया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-148 स्थित राज्य कर कार्यालय में विभाग का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
विभाग की स्थापना 26 फरवरी 1948 को हुई थी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपर आयुक्त (ग्रेड-2) विवेक आर्य, संयुक्त आयुक्त योगेश विजय, संजय कुशवाहा, दीप्ति कटियार, निधि गुप्ता, डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) सुनीति शर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभाग की ऐतिहासिक प्रगति
समारोह के दौरान अपर आयुक्त विवेक आर्य ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि वे एक ऐसे विभाग में कार्यरत हैं, जो समाज और राज्य के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1948 में विभाग ने मात्र चार करोड़ रुपये का कर संग्रह किया था, जबकि आज यह आंकड़ा एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। संयुक्त आयुक्त संजय कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए प्रदेश के राजस्व संग्रह में अधिकतम योगदान देने के लिए सतत प्रयास करने चाहिए।
प्रदेश की अर्थव्यवस्था में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका
राज्य कर विभाग प्रदेश के कुल राजस्व का लगभग 60 प्रतिशत कर संग्रहित करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घोषित वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को पूरा करने में यह विभाग अहम योगदान दे रहा है। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने विभाग की उपलब्धियों पर चर्चा की और भविष्य में राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए नए रणनीतिक उपायों पर विचार किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।