ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में लगी आग, दिवाली सजावट के आर्टिफिशियल पेड़ में शॉर्ट सर्किट की आशंका
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07/11/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी मॉल में शुक्रवार आग लगने की घटना सामने आई। मॉल परिसर में दिवाली के अवसर पर सजावट के लिए लगाए गए एक आर्टिफिशियल पेड़ में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पेड़ पर सजाई गई बिजली की लड़ी में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मॉल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मॉल में लगे आर्टिफिशियल पेड़ से आग की लपटें उठने लगीं। दिवाली के मद्देनजर मॉल को आकर्षक लाइटों और रंग-बिरंगी सजावटी लड़ियों से सजाया गया था। इसी सजावट के दौरान लगाए गए बिजली के उपकरणों में संभावित खराबी के चलते आग लगने की बात सामने आई है।
आग की जानकारी मिलते ही मॉल प्रबंधन ने एहतियात बरतते हुए आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया। इसके बाद मॉल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से कर्मचारियों ने खुद ही आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग और पुलिस को नहीं दी गई सूचना
इस घटना का एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि आग लगने के बाद न तो स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई और न ही दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस द्वारा जानकारी जुटाने पर आग लगने की घटना का पता चला। बताया गया कि मॉल प्रबंधन के कर्मचारियों ने अपने स्तर पर ही आग बुझा दी थी, जिसके चलते संबंधित विभागों को घटना की जानकारी नहीं दी गई।
हालांकि, आग पर समय रहते काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर आग लगने और इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को नहीं दिए जाने का मामला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है।
दिवाली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान मॉल और अन्य सार्वजनिक परिसरों में सजावटी बिजली की लड़ियों, अस्थायी विद्युत कनेक्शन और ज्वलनशील सजावटी सामग्री के इस्तेमाल में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। ऐसी जगहों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता के साथ आपातकालीन स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल सूचना देना भी बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।