भारत ने नेपाल को दिया 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 November 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत की पहली द्विपक्षीय यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सोमवार को संयुक्त प्रेस वक्तव्य में पीएम मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का संबंध नहीं, बल्कि अपनेपन, विश्वास, साझा संस्कृति और आपसी सहयोग पर आधारित है। नेपाल में इस वर्ष जनता की ओर से बालेन्द्र शाह को मिला ऐतिहासिक जनादेश नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है। मोदी ने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की कोशिश होगी कि प्रभावित परिवारों का जीवन दोबारा सामान्य हो, उनके लिए नए अवसर पैदा हों और भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता मजबूत हो। उन्होंने कहा कि घोषित विकास सहयोग पैकेज नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को गति देने में मदद करेगा। दोनों देशों ने अपने साझा भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट भी जारी किया है। पीएम मोदी के मुताबिक, यह दस्तावेज विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के संकल्पों को मिलकर पूरा करने का रोडमैप साबित होगा।

भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। पीएम मोदी ने भगवान राम और माता सीता को दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था का प्रतीक बताते हुए कहा कि नेपाल के बिना भारत के धाम और राम अधूरे हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वर्ष 2025 में देश और दुनिया से करीब 30 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। अब शुरू की गई ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर जाकर माता सीता के दर्शन करना आसान होगा। इसके अलावा भारत और नेपाल के बीच लुम्बिनी, बोधगया तथा दोनों देशों के बौद्ध और शिव-शक्ति से जुड़े पवित्र स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।

सीमा और व्यापारिक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए भी कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला रोड ब्रिज का उद्घाटन किया, जबकि बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई। नेपाल की ओर दोधारा-चांदनी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का काम भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। इन परियोजनाओं से दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। इसके साथ ही बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को गति देने का निर्णय लिया गया है। नेपाल के ट्रांजिट व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए उसे भारत के कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की नदियों में मौजूद जलविद्युत क्षमता को दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि भारत का बड़ा ऊर्जा बाजार नेपाल की बिजली उत्पादन क्षमता को आर्थिक समृद्धि में बदलने में मदद कर सकता है। इसी दिशा में सोमवार को लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही अरुण-3 जलविद्युत परियोजना को निर्धारित समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग बढ़ने से नेपाल के लिए बिजली उत्पादन और निर्यात के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

पेट्रोलियम और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर भी भारत ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत कई वर्षों से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य जरूरी सामानों की विश्वसनीय आपूर्ति करता रहा है। इस वर्ष तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई जारी रखी। इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण का लोकार्पण किया गया, जबकि झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

नेपाल की युवा पीढ़ी के लिए शिक्षा, तकनीक और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी दोनों देशों ने विशेष ध्यान दिया है। पीएम मोदी ने घोषणा की कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करने में सहयोग करेगा। नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और तकनीक के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा नेपाल में खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी भारत सहयोग करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल के युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को अवसर देने के लिए भारत पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना चाहता है।

दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और खेल सहयोग को भी नई दिशा देने की योजना बनाई गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के युवा फिल्म निर्माता तथा कंटेंट क्रिएटर मिलकर रामायण जैसी साझा विरासत को आधुनिक तकनीक और नए माध्यमों के जरिए दुनिया तक पहुंचा सकते हैं। इसी उद्देश्य से अगली WAVES समिट में नेपाल के बड़े प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया जाएगा। क्रिकेट सहित अन्य खेलों में भी नेपाल में बुनियादी ढांचे के विकास और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में भारत सहयोग बढ़ाएगा। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि आपसी भरोसे, साझा विरासत और विकास के लक्ष्यों के आधार पर दोनों देश भारत-नेपाल संबंधों का नया अध्याय लिखेंगे। उन्होंने अपने वक्तव्य का समापन भारत-नेपाल मैत्री अमर रहे के संदेश के साथ किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।