दादरी में पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर चोर गिरफ्तार, 9 मोबाइल और चोरी की 5 बाइक बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/11/2026): ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुलंदशहर के खवासपुर गांव निवासी 23 वर्षीय लोकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी व झपटमारी के 9 मोबाइल फोन, चोरी की 5 मोटरसाइकिल, सफेद धातु के 2 सिक्के और एक अवैध तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को दादरी पुलिस की टीम बोड़ाकी कट के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। आगे फोरमी कंपनी गोल चक्कर के पास उनकी मोटरसाइकिल झाड़ियों में फंस गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के इरादे से गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें लोकेश घायल हो गया। उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला है।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथी देव के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं में शामिल था। पुलिस को उसके पास से ऐसे ही 9 मोबाइल फोन मिले हैं। इसके अलावा, बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में पता चला कि उसे बुलंदशहर में सरकारी अस्पताल के सामने पठान वाली मस्जिद के गेट से चोरी किया गया था। इस मामले में बुलंदशहर के कोतवाली सिटी थाने में मुकदमा संख्या 1217/2025 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी का एक पुराना चोरी का मामला भी सामने आया है। अगस्त 2026 में लोकेश ने अपने साथी देव और आकाश के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू-3 स्थित ए ब्लॉक में एक बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण और अन्य सामान चोरी किया था। इस घटना से जुड़े दो सफेद धातु के सिक्के पुलिस ने बरामद किए हैं। वहीं, लोकेश की निशानदेही पर चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। इस तरह कुल पांच मोटरसाइकिल पुलिस के कब्जे में आई हैं।
फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार साथी की तलाश में पुलिस आसपास के क्षेत्र में कांबिंग कर रही है। बरामद चार अन्य मोटरसाइकिलों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की कड़ियां जोड़ने में लगी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लोकेश के खिलाफ दादरी, बुलंदशहर के कोतवाली सिटी और चोला थाने में चोरी, मारपीट और अन्य धाराओं से संबंधित कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।