दिल्ली में सिर्फ BS6 वाहनों को मिलेगी एंट्री? सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 November 2026): दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाया। अदालत ने कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी में केवल BS6 मानक वाले वाहनों को अनुमति देने के विकल्प पर विचार कर रही है। सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने स्पष्ट टिप्पणी करते हुए कहा कि अदालत चाहती है कि दिल्ली में सिर्फ BS6 वाहन ही चलें, और यदि संभव हो तो इस व्यवस्था को पूरे एनसीआर में लागू किया जाए। इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ कर रही थी, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे।

सुप्रीम कोर्ट की यह सुनवाई वायु प्रदूषण से जुड़े स्वत: संज्ञान मामले में हुई, जिसमें दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए मौजूदा नियमों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। BS6 यानी भारत स्टेज-6 वाहनों के लिए अप्रैल 2020 से सख्त उत्सर्जन मानक लागू किए गए हैं। इन वाहनों से पुराने BS4 मानक वाले वाहनों की तुलना में हानिकारक प्रदूषकों का उत्सर्जन काफी कम होता है। अदालत ने संकेत दिया कि दिल्ली में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अधिक प्रभावी और दीर्घकालिक कदम उठाने की जरूरत है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने दिल्ली में प्रदूषण फैलाने वाले व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए भी लंबी अवधि की योजना बनाने पर जोर दिया। मुख्य न्यायाधीश ने सवाल उठाया कि ऐसा इंतजाम क्यों नहीं किया जा सकता, जिससे व्यावसायिक वाहन दिल्ली की सीमा के भीतर प्रवेश ही न करें। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इससे राजधानी के लोगों को जरूरी सामानों की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सब्जियां, फल और रोजमर्रा की दूसरी आवश्यक वस्तुएं दिल्ली तक पहुंचती रहें, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी होगी।

मुख्य न्यायाधीश ने सुझाव दिया कि दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम या ट्रांसफर केंद्र बनाए जा सकते हैं, जहां व्यावसायिक वाहनों से सामान उतारकर बैटरी चालित या अन्य प्रदूषण रहित वाहनों के जरिए शहर के भीतर पहुंचाया जाए। अदालत ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था तुरंत लागू करना संभव नहीं हो सकता, लेकिन अगले पांच वर्षों में इसे विकसित करने की दिशा में काम किया जा सकता है। पीठ का जोर ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर रहा, जिससे भविष्य में एक भी प्रदूषण फैलाने वाला व्यावसायिक वाहन दिल्ली में प्रवेश न करे।

अदालत ने प्रदूषण के मुद्दे पर एनसीआर के राज्यों की जवाबदेही भी तय करने की जरूरत बताई और पूछा कि इस प्रक्रिया में राज्य सक्रिय रूप से भाग क्यों नहीं ले रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों को निर्देश दिया कि वे एनसीआर में प्रदूषण और खासकर पार्टिकुलेट मैटर को कम करने के लिए उठाए गए कदमों पर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करें। इससे पहले भी अदालत ने वाहनों से निकलने वाले धुएं को दिल्ली-एनसीआर में खराब होती हवा का एक बड़ा कारण बताया था और सवाल उठाया था कि तमाम नियमों के बावजूद वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार चिंताजनक स्तर पर क्यों बना हुआ है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।