Noida News (21/11/2026): बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और कला के माध्यम से समाजसेवा को बढ़ावा देने के लिए नोएडा में 26 नवंबर को चित्रकला उत्सव ‘इंद्रधनुष सीजन-5’ का आयोजन किया जाएगा। नोएडा लोक मंच और नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रतियोगिता सेक्टर-33 स्थित शिवालिक पार्क में आयोजित होगी। इस बार प्रतियोगिता में करीब 5 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन की तैयारियों और प्रतियोगिता की जानकारी देने के लिए शनिवार को सेक्टर-15 स्थित नोएडा लोक मंच कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता को इस बार 9 समूहों में बांटा गया है। इसमें सरकारी, बस्ती, पब्लिक, सेमी-पब्लिक, एनजीओ और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा शिक्षकों और पहली बार वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग श्रेणी रखी गई है।

आयोजन से जुड़ी राजेश्वरी त्यागी राजन ने इंद्रधनुष की शुरुआत और अब तक के सफर की जानकारी साझा की। वहीं, इंदिरा चौधरी ने प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों के बारे में बताया। आयोजकों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य हर वर्ग और उम्र के लोगों को एक मंच पर लाना है, ताकि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी की प्रतिभा के रास्ते में बाधा न बनें।
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता के बाद 500 से अधिक प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। विजेता बच्चों की चुनिंदा कलाकृतियों की आर्ट गैलरी तैयार की जाएगी। इन कलाकृतियों को इच्छुक लोग स्वैच्छिक अनुदान देकर प्राप्त कर सकेंगे। इससे मिलने वाली राशि का इस्तेमाल जरूरतमंद लोगों की शिक्षा और चिकित्सा सहायता के लिए किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. रामचरण गौर, विभा बंसल, रंजू माथुर, रेनू छिब्बर, मुकुल बाजपेयी सहित अन्य वॉलंटियर्स मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनोद पांडेय ने किया, जबकि लीका सक्सेना ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने वरिष्ठ नागरिकों से भी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
आयोजन 26 नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिवालिक पार्क, सेक्टर-33, नोएडा में होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।