नोएडा में 150 किसानों को जल्द मिलेंगे 5 प्रतिशत आबादी के प्लॉट, पूरी डिटेल्स

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (19/11/2026):  नोएडा में पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट की मांग कर रहे किसानों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नोएडा प्राधिकरण ने शेष पात्र किसानों को प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पहले चरण में करीब 150 किसानों को प्लॉट देने की तैयारी है। इसके लिए लगभग 58 हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित की जा रही है।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के अनुसार, पात्र किसानों को प्लॉट आवंटित करने के लिए जमीन तलाशने का काम किया जा रहा है। जमीन चिह्नित होने के बाद आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्राधिकरण ऐसी व्यवस्था पर भी काम कर रहा है, जिससे किसानों को उनके गांव के आसपास ही प्लॉट उपलब्ध कराए जा सकें।

गांवों के आसपास मिल सकेंगे प्लॉट

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने प्लॉट आवंटन की व्यवस्था में बदलाव किया है। इसके तहत गांवों की बाहरी सीमा यानी पेरीफेरल क्षेत्र में उपलब्ध जमीन का इस्तेमाल भी पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट आवंटन के लिए किया जा सकेगा। इस व्यवस्था से किसानों को दूसरे स्थानों पर प्लॉट देने के बजाय उनके गांवों के आसपास जमीन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

2200 किसानों को मिलना है लाभ

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, करीब 2200 किसानों को पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट दिए जाने हैं। इनमें से लगभग 1500 किसानों को अब तक प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष पात्र किसान अभी आवंटन का इंतजार कर रहे हैं। जमीन की उपलब्धता नहीं होने के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है। अब प्राधिकरण अलग-अलग स्थानों पर जमीन चिह्नित कर रहा है, ताकि शेष किसानों को भी प्लॉट आवंटित किए जा सकें।

लंबे समय से उठा रहे हैं मांग

पांच प्रतिशत आबादी के प्लॉट की मांग को लेकर किसान लंबे समय से नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने वाला आबादी का प्लॉट उनका अधिकार है। ऐसे में प्राधिकरण की ओर से जमीन चिह्नित करने और आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से बाकी पात्र किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।