ग्रेटर नोएडा में 22 नवंबर को होगी हवाई हमले और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (21 नवंबर 2026): ग्रेटर नोएडा में रविवार, 22 नवंबर को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे शारदा विश्वविद्यालय में होने वाले इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें शामिल होंगी।

मॉक ड्रिल के दौरान अलग-अलग आपातकालीन परिस्थितियां तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। आग लगने और इमारत में लोगों के फंसे होने जैसी स्थिति में बचाव दल अपनी कार्रवाई करेंगे। पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालेगी, जबकि अग्निशमन विभाग आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास करेगा।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस, मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाएंगी। विद्युत विभाग ब्लैकआउट और बिजली आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया का अभ्यास करेगा। इसके अलावा लोक निर्माण और परिवहन विभाग भी अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।

इस अभ्यास में एनसीसी के छात्र, सिविल डिफेंस वार्डन और स्वयंसेवक भी हिस्सा लेंगे। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक उपकरण, वाहन और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक विभाग में नोडल और वैकल्पिक नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे, जो नियंत्रण कक्ष के संपर्क में रहेंगे।

मॉक ड्रिल के दौरान अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को रोकने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आमजन तक केवल अधिकृत जानकारी ही पहुंचाई जाए। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य वास्तविक आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने की तैयारियों को जांचना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।