मझावली-जगनपुर लिंक रोड के निर्माण में देरी पर डीएम सख्त, PWD अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (21/11/2026): मझावली-जगनपुर लिंक रोड के निर्माण में हो रही देरी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन के समक्ष किसानों की समस्याएं उठाईं। शनिवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय सचिव ऋषिपाल कसाना के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात कर सड़क निर्माण में हो रही देरी और किसानों की लंबित मांगों को लेकर चर्चा की।
बैठक के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने मझावली-जगनपुर लिंक रोड का निर्माण लंबे समय से लंबित होने पर नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सड़क निर्माण में देरी को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने बताया कि बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संगठन का कहना है कि लिंक रोड का निर्माण क्षेत्र के लोगों और किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में इसमें लगातार हो रही देरी स्वीकार्य नहीं है।
वहीं, संगठन के जिलाध्यक्ष विक्रम भाटी ने किसानों की अन्य लंबित समस्याओं को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया। इनमें किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड आवंटित करने, भूखंडों की बैकलीज कराने और रोजगार उपलब्ध कराने जैसी मांगें शामिल रहीं। जिलाध्यक्ष के अनुसार, जिलाधिकारी ने किसानों की इन मांगों का जल्द से जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।

भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मझावली-जगनपुर लिंक रोड का निर्माण जल्द शुरू होगा और किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में भी ठोस कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर, राष्ट्रीय सचिव ऋषिपाल कसाना, सतपाल नागर, सरजीत नागर, अनिल नागर, जिलाध्यक्ष विक्रम भाटी, मनीष शर्मा एडवोकेट, विपिन भाटी, विनोद भाटी और यासीन खान सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।