सड़कों पर धूल मिलने पर दो कंपनियों पर जुर्माना, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दिखाई सख्ती
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (21/11/2026): शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्ती शुरू कर दी है। सड़कों पर धूल और सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर प्राधिकरण ने दो कंपनियों पर कुल 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। ईएसएसएआई कंपनी पर 50 हजार रुपये और एंटोनी वेस्ट कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को तीनों एसीईओ ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया। एसीईओ प्रेरणा सिंह और सुमित यादव ने अधिकारियों के साथ 130 मीटर रोड, तिलपता चौक, राइज पुलिस चौकी, ऐस सिटी और चारमूर्ति अंडरपास के आसपास सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। तिलपता चौक के पास सड़क पर धूल मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और सफाई की जिम्मेदारी संभाल रही ईएसएसएआई कंपनी पर जुर्माना लगाया। वहीं, राइज पुलिस चौकी के आसपास पानी का छिड़काव बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह गौड़ सिटी और आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान सड़कों पर धूल मिलने पर एंटोनी वेस्ट कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों कंपनियों से जुर्माने की राशि उनके आगामी भुगतान से काटी जाएगी। अधिकारियों ने कंपनियों को सफाई व्यवस्था सुधारने और मैकेनिकल स्वीपिंग प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में लापरवाही मिलने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वहीं, एसीईओ नुपुर गोयल ने साकीपुर अंडरपास और सिरसा गोलचक्कर के आसपास निरीक्षण किया। साकीपुर अंडरपास के पास सड़क क्षतिग्रस्त मिलने पर मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने को कहा। प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों पर धूल कम करना और शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण करना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।