प्रदूषण नियंत्रण को लेकर DM मेधा रूपम के सख्त निर्देश, सड़कों से लेकर नदियों की स्वच्छता तक पर जोर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (21/11/2026): जिले में बढ़ते वायु प्रदूषण और पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने संबंधित विभागों और प्राधिकरणों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सड़कों की सफाई, निर्माण मलबे का निस्तारण, पौधों का रखरखाव और यमुना व हिंडन नदी की स्वच्छता सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी तय समय में पूरी करें।

बैठक में जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वर्ष 2026-27 में लगाए गए पौधों की शत-प्रतिशत जियो-टैगिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और जीवित रहने की स्थिति की जांच भी जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी करें और पौधों के संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सड़कों की सफाई व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित प्राधिकरणों को मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का नियमित और प्रभावी संचालन कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों पर धूल जमा न हो और विकास कार्यों के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत काम पूरा होते ही कराई जाए। विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को सड़क मरम्मत की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

कूड़े और निर्माण मलबे के निस्तारण को लेकर भी जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए। हॉर्टीकल्चर वेस्ट, निर्माण एवं ध्वस्तीकरण से निकलने वाले मलबे और नगर निकायों के ठोस कचरे का निर्धारित मानकों के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कचरा या निर्माण मलबा जमा नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।

यमुना और हिंडन नदी की स्वच्छता को लेकर हुई समीक्षा में जिलाधिकारी ने नदियों में गिरने वाले बिना उपचारित नालों के पानी को रोकने और उसके उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नदियों और नालों में ठोस कचरे के निस्तारण की अद्यतन रिपोर्ट मांगी। साथ ही नदी किनारे नियमित सफाई और संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा।

बैठक के दौरान संबंधित प्राधिकरणों के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (ACEO) की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों के संबंध में प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगे होने वाली बैठकों में सभी संबंधित विभागों और प्राधिकरणों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा और समयबद्ध कार्रवाई हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, ADCP मुख्यालय अर्चना सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे सहित विभिन्न प्राधिकरणों, नगर निकायों, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।