न्यू नोएडा प्राधिकरण का नया कार्यालय चोला के पास बनेगा, किसानों के लिए बनेगा कॉन्फ्रेंस हॉल
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (19/11/2026): न्यू नोएडा को विकसित करने की दिशा में प्राधिकरण ने प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। नए शहर के लिए चोला के पास प्राधिकरण का अलग कार्यालय बनाया जाएगा। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से करीब 2600 एकड़ जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा है। जमीन की खरीद और उसकी कीमत तय करने के लिए दोनों प्राधिकरणों के अधिकारियों के बीच जल्द बैठक होगी।
नए कार्यालय परिसर में सीईओ, एसीईओ और ओएसडी के कार्यालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा कर्मचारियों, संबंधित सर्किल अधिकारियों और लेखपालों के बैठने की व्यवस्था भी होगी। प्राधिकरण की योजना है कि न्यू नोएडा से जुड़े प्रशासनिक और विकास कार्य इसी परिसर से संचालित किए जाएं, ताकि जमीन अधिग्रहण और विकास योजनाओं से जुड़े काम आसानी से पूरे हो सकें। कार्यालय का ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है, जिसे सीईओ कृष्णा करुणेश के सामने मंजूरी के लिए रखा जाएगा। अगले 15 दिनों में इसे अंतिम रूप देने का लक्ष्य है।
इस कार्यालय में किसानों के लिए अलग कॉन्फ्रेंस हॉल भी बनाया जाएगा। यहां अधिकारी किसानों के साथ सीधे बैठक कर सकेंगे और जमीन अधिग्रहण, मुआवजे तथा अन्य समस्याओं पर बातचीत कर सकेंगे। इससे किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
न्यू नोएडा को गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के 80 गांवों की करीब 209.11 वर्ग किलोमीटर जमीन पर विकसित किया जाना है। इस नए शहर में लगभग 6 लाख की आबादी बसाने की योजना है। जमीन अधिग्रहण को लेकर प्राधिकरण गांवों में चौपाल लगाकर किसानों से बातचीत कर रहा है और परियोजना के बारे में जानकारी देकर उनकी सहमति लेने का प्रयास कर रहा है।
न्यू नोएडा का विकास चार चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 2023 से 2027 तक 3165 हेक्टेयर, दूसरे चरण में 2027 से 2032 तक 3798 हेक्टेयर, तीसरे चरण में 2032 से 2037 तक 5908 हेक्टेयर और चौथे चरण में 2037 से 2041 तक 8230 हेक्टेयर जमीन विकसित करने की योजना है। चोला के पास नया कार्यालय बनाने की तैयारी को इसी बड़े विकास प्रोजेक्ट की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।